हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कुंभ मेले की तैयारी जोर शोर से चल रही है। कुंभ मेले में भीड़ के बीच अपनों से बिछड़ने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। इसी वजह से कुंभ मेले में बिछड़ने की कहावत भी लंबे समय से आज भी प्रचलित है, लेकिन कुंभ मेला पुलिस इस बार ऐसी घटनाओं को कम से कम करने और बिछड़े लोगों को जल्द से जल्द उनके परिजनों से मिलाने की तैयारी में जुट गई है।
मेले की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के साथ खोया पाया व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए कुंभ मेला क्षेत्र में 30 खोया पाया केंद्र बनाए जाएंगे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुंभ मेले में 36 थाने, एक साइबर थाना और छह जीआरपी थाने स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा दो रिजर्व पुलिस लाइन के निर्माण का कार्य पूरा होने वाला है। धर्मनगरी हरिद्वार में कुंभ मेले की पुलिस व्यवस्था को लेकर तैयारियां अब धरातल पर दिखाई देने लगी हैं। मुख्य पुलिस व्यवस्था की तर्ज पर कुंभ मेला पुलिस की अलग व्यवस्था तैयार की जा रही है। सुरक्षा के लिए तैनात होने वाला पुलिस बल धीरे-धीरे हरिद्वार पहुंचना शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में पुलिस बल की संख्या बढ़ने के साथ मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी आकार लेने लगेगी। अधिकारियों के मुताबिक दिसंबर की शुरुआत तक पर्याप्त संख्या में पुलिस बल हरिद्वार पहुंचने की उम्मीद है।पुलिसकर्मियों के रहने और ड्यूटी के दौरान उनकी सुविधाओं को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं। ऋषिकुल और पंतद्वीप मैदान में रिजर्व पुलिस लाइन का निर्माण कार्य जारी है। इन पुलिस लाइनों में बाहर से आने वाले पुलिसकर्मियों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस बल के लिए टेंट लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। जल्द ही दोनों पुलिस लाइन का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। पुलिस लाइन में ही ब्रीफिंग के लिए बड़े मीटिंग हॉल बनाए जाएंगे।
कुंभ मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। प्रमुख स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में भीड़ के बीच बच्चों, बुजुर्गों और परिवार के अन्य सदस्यों के बिछड़ने की संभावना बनी रहती है। इसे देखते हुए खोया पाया केंद्रों को पुलिस की महत्वपूर्ण व्यवस्था में शामिल किया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से बिछड़े लोगों की सूचना दर्ज करने, उनके परिजनों की तलाश करने और उन्हें सुरक्षित तरीके से मिलाने की व्यवस्था की जाएगी। आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत के अनुसार क्यूआर कोड के जरिए भी बिछड़ों को मिलाने की योजना पर काम किया जा रहा है। सभी थाने आपस में कनेक्ट किए जाएंगे। मुख्य खोया पाया केंद्र सीसीआर भवन से संचालित होगा। इसके अलावा साइबर अपराध से निपटने के लिए अलग साइबर थाना बनाया जाएगा। कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करेंगे। ऐसे में साइबर ठगी, फर्जी वेबसाइट, ऑनलाइन भुगतान से जुड़े अपराध की रोकथाम के लिए साइबर थाने की पुलिस मुस्तैद रहेगी। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली अफवाहों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। वहीं रेलवे क्षेत्र में आने जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए छह जीआरपी थाने भी बनाए जाएंगे। आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि कुंभ मेले की पुलिस व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस बल धीरे-धीरे हरिद्वार पहुंच रहा है।
Post navigation




