Monday, March 30, 2026
Homeअपराधपैतृक संपत्ति विवाद में चली गोली: गदरपुर में नाबालिग भतीजे ने ताऊ...

पैतृक संपत्ति विवाद में चली गोली: गदरपुर में नाबालिग भतीजे ने ताऊ की हत्या की, दो लोग हिरासत में

उधम सिंह नगर (गदरपुर): जिले के गदरपुर क्षेत्र के ग्राम बकैनिया में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद रविवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान एक नाबालिग भतीजे ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायर कर दिया, जिससे उसके ताऊ की मौत हो गई, जबकि मृतक का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बकैनिया निवासी सर्वेश्वर सिंह (60) और उनके भाई सर्वजीत सिंह के बीच करीब एक एकड़ और एक कनाल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे सर्वेश्वर सिंह के पुत्र शिव शंकर सिंह उर्फ बिट्टू और सर्वजीत सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया। शोर-शराबा सुनकर सर्वेश्वर सिंह भी बाहर आ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान सर्वजीत सिंह का नाबालिग बेटा घर के अंदर गया और लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर बाहर आया।

आरोप है कि उसने गुस्से में आकर फायर कर दिया। गोली लगने से सर्वेश्वर सिंह और उनके बेटे शिव शंकर सिंह उर्फ बिट्टू गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने सर्वेश्वर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके बेटे का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक और सकैनिया चौकी प्रभारी विजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वप्न किशोर सिंह और सीओ विभव सैनी भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सोमवार को एसएसपी अजय गणपति भी गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों—पत्नी उर्मिला देवी, पुत्र शिव शंकर सिंह उर्फ बिट्टू, बेटी नेहा और बेटे अनिकेत सिंह से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

एसएसपी ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने यह भी कहा कि नाबालिग द्वारा लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायर किए जाने के मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार शाम को सर्वेश्वर सिंह का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में किसी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए सकैनिया पुलिस चौकी से दो पुलिसकर्मियों की तैनाती भी कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments