Saturday, November 21, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डयूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की माता का निधन, पैतृक गांव पंचूर में...

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की माता का निधन, पैतृक गांव पंचूर में ली अंतिम सांस

देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मां के निधन की सूचना मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर दौरे पर थे। वह यहां कई निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान उन्हें मां के निधन की खबर मिली। मां के निधन की सूचना पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचुर पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां सावित्री देवी से आखिरी मुलाकात इसी साल 7 मई को हुई थी। उस समय वह दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी।

8 मई को कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक आवास पहुंचे थे। यहां उन्होंने मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। उस वक्त किसी को यह अंदाजा नहीं था कि मां-बेटे की यह मुलाकात आखिरी साबित होगी। संन्यास लेने के बाद योगी आदित्यनाथ की पारिवारिक मुलाकातें भले ही सीमित रही हों, लेकिन अपने गांव और परिवार के साथ उनका जुड़ाव हमेशा बना रहा। मुख्यमंत्री की मां के निधन पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने गहरा दुख व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी कर सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होता है। मां का साया सिर से उठ जाना ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। वहीं, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चैधरी ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद खबर है और उन्होंने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मां के निधन की सूचना पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचुर पहुंच गए हैं।

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मां का साया जीवन की सबसे बड़ी शक्ति और संबल होता है। ऋतु खंडूड़ी ने इस कठिन घड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके समस्त शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने बाबा सिद्धबली से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति और धैर्य दें।

पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मां का दुनिया से चले जाना जीवन का सबसे बड़ा दुख होता है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। विधायक राजकुमार पोरी ने इस कठिन समय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके समस्त परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Post navigation

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments