Wednesday, November 25, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डसामाजिक समरसता और समानता के संकल्प को साकार कर रही प्रदेश सरकारः...

सामाजिक समरसता और समानता के संकल्प को साकार कर रही प्रदेश सरकारः मुख्यमंत्री

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज, धनौरी, हरिद्वार में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने संत रविदास जी महाराज के विचारों, आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी महाराज की समरसता की सोच को धरातल पर उतारते हुए उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) कानून लागू किया गया। यह कार्य प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से हमारी सरकार ने किया है। इसके तहत देवभूमि उत्तराखंड में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। चाहे कोई किसी भी जाति, पंथ या वर्ग से संबंधित हो, कानून की नजर में सभी समान हैं।

उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के समग्र विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना एवं ट्राइबल सब प्लान के अंतर्गत पिछले छह वित्तीय वर्षों में लगभग 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिसके तहत विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों के माध्यम से अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़नी पड़े, इसके लिए प्रदेश में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में इन योजनाओं के माध्यम से एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास कर उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के अंतर्गत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना भी संचालित कर रही है। इस योजना के अंतर्गत पति-पत्नी में से एक के अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होने पर दंपत्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि दी गई है।

इसी प्रकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक कठिनाइयां बाधा न बनें, इसके लिए शादी अनुदान योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा, गरिमा और सम्मानजनक रोजगार सुनिश्चित करने के लिए नमस्ते योजना संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से उन्हें असुरक्षित सीवर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई के कार्यों से मुक्त करने के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर हमारी सरकार संत रविदास जी महाराज के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और श्सबका साथ, सबका विकासश् के मंत्र को साकार करने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प यात्रा को सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।

Post navigation

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments