देहरादून: उत्तराखंड में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। खासतौर पर जौलीग्रांट और आसपास के क्षेत्रों में इस सीजन का अब तक का सबसे तेज तूफान दर्ज किया गया, जिसके साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि भी हुई।
तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं, जिससे स्थानीय लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। एक स्थान पर तूफान के साथ उड़कर आए सीमेंट के पिलर से एक मकान का बाथरूम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
फ्लाइट सेवाएं प्रभावित, मुंबई से आ रही उड़ान डायवर्ट
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। मुंबई से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को खराब मौसम के चलते बीच रास्ते से ही दिल्ली के लिए डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, दिल्ली से देहरादून आ रही इंडिगो की फ्लाइट को लंबे समय तक आसमान में चक्कर काटने पड़े।
रेलवे ट्रैक पर गिरे पेड़, ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित
तेज आंधी का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा। वीरभद्र और योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक पर पेड़ गिरने से मार्ग बाधित हो गया। इसके चलते इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। रेलवे विभाग द्वारा ट्रैक से पेड़ हटाने का कार्य जारी है।
मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत कई जिलों के लिए 4 और 5 मई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना है।
इसके अलावा 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान जताया गया है। वहीं, प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
प्रशासन सतर्क, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। साथ ही बिजली चमकने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।