Tuesday, November 10, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डऋषिकेश में 10 नवंबर को बहुउद्देशीय शिविर, मुख्यमंत्री करेंगे योजनाओं का लाभार्थियों...

ऋषिकेश में 10 नवंबर को बहुउद्देशीय शिविर, मुख्यमंत्री करेंगे योजनाओं का लाभार्थियों को वितरण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार, 10 नवंबर को ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र स्थित चंद्रेश्वर नगर के नगर रजत जयंती पार्क में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम प्रातः 11 बजे प्रस्तावित है। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के साथ ही आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि इस शिविर में जनपद स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों के आवेदन भरवाने, पंजीकरण, आवश्यक अभिलेखों के सत्यापन तथा स्वीकृति संबंधी कार्यवाही की जाएगी।

समाज कल्याण एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग एवं किसान पेंशन के आवेदन तथा पेंशन स्वीकृति की कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही पेंशन प्रकरणों का सत्यापन एवं डिजिटलाइजेशन भी किया जाएगा। दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए जाएंगे तथा जरूरतमंद दिव्यांग एवं वृद्धजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषित बच्चों, किशोरियों एवं महिलाओं का चिह्नीकरण कर पोषाहार की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना एवं किशोरी किट के लिए पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया भी संपन्न कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। कुपोषित बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार, गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जांच व दवाइयों की उपलब्धता, टीकाकरण, पोषण एवं परिवार कल्याण संबंधी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही आयुष्मान कार्ड बनाने एवं पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की व्यवस्था रहेगी।

ग्राम्य विकास, पंचायत राज एवं कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वयं सहायता समूहों के गठन, प्रशिक्षण एवं विपणन, किसान हितग्राही योजनाओं, बीज एवं कृषि यंत्रों से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं सहकारिता, रेशम, मत्स्य एवं दुग्ध विभाग द्वारा खाद-बीज की उपलब्धता, समितियों की सदस्यता तथा केसीसी लाभार्थियों के पंजीकरण की कार्यवाही की जाएगी।

इसके अतिरिक्त विद्युत विभाग द्वारा बिजली बिलों में सुधार, भुगतान एवं नए कनेक्शन संबंधी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल बिलों एवं नए कनेक्शन से संबंधित मामलों का समाधान होगा। लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई एवं पीएमजीएसवाई से संबंधित सड़क समस्याओं पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। श्रम विभाग द्वारा श्रमिक कार्ड बनाने, नवीनीकरण एवं श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सेवायोजन विभाग रोजगार मेले एवं युवाओं की काउंसलिंग की व्यवस्था करेगा। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में पेयजल एवं शौचालय संबंधी सुविधाओं से जुड़े मामलों पर कार्यवाही की जाएगी। शिविर में लीड बैंक अधिकारी के माध्यम से वंचित परिवारों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना से पात्र परिवारों को आच्छादित करने तथा स्वरोजगार योजनाओं के आवेदनों का निस्तारण करने की कार्यवाही भी की जाएगी। राजस्व विभाग द्वारा आधार कार्ड, आय, जाति, चरित्र एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र तथा निर्विवाद उत्तराधिकार से संबंधित मामलों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्डों का सत्यापन, संशोधन एवं नए राशन कार्ड बनाने, वन विभाग द्वारा विभागीय समस्याओं के समाधान तथा ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं के अंतर्गत आधार एवं अन्य ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में प्रत्येक विभाग को अपने स्टॉल पर प्राप्त आवेदनों एवं प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। केवल अत्यंत अपवाद स्वरूप मामलों में ही औपचारिकताओं के लिए अतिरिक्त समय लिया जाएगा, जिसके कारण स्पष्ट करते हुए आवेदक को अवगत कराया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, पात्र व्यक्तियों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

Post navigation

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments