Friday, November 27, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डग्राम्य विकास योजनाओं की सीडीओ ने की समीक्षा

ग्राम्य विकास योजनाओं की सीडीओ ने की समीक्षा

देहरादून। ग्राम्य विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, रीप ग्रामोत्थान परियोजना, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम जनमन योजना सहित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित क्लस्टर स्तरीय संघ, आदर्श क्लस्टर स्तरीय संघ और विकासखंड स्तर पर लखपति दीदी योजना के निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की। उन्होंने वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रमों में आगामी 10 दिसंबर तक 50 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

कालसी विकासखंड में आदर्श क्लस्टर स्तरीय संघ में मानव संसाधन की कमी पर चिंता जताते हुए उन्होंने मानव संसाधन और लेखाकार के रिक्त पदों पर आचार संहिता लागू होने से पहले नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने को कहा। समूहों से संबंधित कार्यों और अनुबंध भुगतान में निर्धारित मानकों का पालन करते हुए समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। रीप ग्रामोत्थान परियोजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में निर्माणाधीन संग्रह केंद्रों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और अद्यतन प्रगति रिपोर्ट तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समूहों के लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की जाने वाली सभी आवश्यक धनराशि आगामी निर्वाचन की आचार संहिता लागू होने से पहले प्राथमिकता के आधार पर भेज दी जाए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने इन सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं, शंकरपुर स्थित ईटीसी और ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की गतिविधियों में नवाचार लाकर प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के लाभार्थियों का विवरण लेते हुए बूथ स्तर पर आयोजित शिविरों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को मिले रोजगार का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, सहायक परियोजना निदेशक अनीता पंवार, जिला मिशन प्रबंधक अशोक कुमार चतुर्वेदी सहित ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Post navigation

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments