देहरादून में एसएससी (स्टाफ सेलेक्शन कमीशन) की मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। उत्तराखंड एसटीएफ ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने के नाम पर उनसे भारी रकम वसूलते थे।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार, निवासी देवरिया (उत्तर प्रदेश) और भास्कर नैथानी, निवासी देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी एसएससी एमटीएस परीक्षा के दौरान कंप्यूटर हैकिंग और रिमोट एक्सेस तकनीक के माध्यम से अभ्यर्थियों को नकल करवा रहे थे। इसके बदले वे प्रत्येक अभ्यर्थी से करीब 10 लाख रुपये की मांग करते थे।
कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और एक इंटरनेट राउटर बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी परीक्षा से पहले तकनीकी तैयारियां कर लेते थे और परीक्षा के दौरान सिस्टम से छेड़छाड़ कर उत्तर उपलब्ध कराते थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे गहन जांच जारी है। यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा इससे पहले किन परीक्षाओं में इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दिया गया है।
एसटीएफ ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों से दूर रहें और परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने में सहयोग करें।