देहरादून, 14 फरवरी । देहरादून के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोबाल ने पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने जनपद की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, महिला सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था में सुधार को अपनी शीर्ष प्राथमिकता बताया।
नवनियुक्त एसएसपी ने पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि महिला अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाएगी और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यातायात व्यवस्था के संबंध में उन्होंने कहा कि जाम की समस्या से निपटने तथा सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। पुलिस कर्मियों के मनोबल को ऊंचा रखने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एसएसपी ने साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।