देहरादून: राजधानी देहरादून में आज गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। साथ ही श्री बालाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा और बाइक रैली निकाली जाएगी। आयोजन को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री पृथ्वीनाथ महादेव सेवादल की ओर से सहारनपुर चौक स्थित शिवाजी धर्मशाला से श्री बालाजी महाराज की 16वीं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस बार विशेष रूप से दो ड्रोन के माध्यम से यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।
शोभायात्रा में मथुरा-वृंदावन, दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आए कलाकार विभिन्न धार्मिक झांकियों के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इन झांकियों में भगवान हनुमान से जुड़े धार्मिक प्रसंगों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा लक्ष्मण चौक स्थित हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज से युवाओं की ओर से बाइक रैली भी निकाली जाएगी। वहीं जामुनवाला स्थित एकादशमुखी हनुमान मंदिर, हनुमान चौक के प्राचीन हनुमान मंदिर और गढ़ी कैंट स्थित माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
शोभायात्रा में दिखेंगे विशेष आकर्षण
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा में कई आकर्षक झांकियां और धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं को देखने को मिलेंगे। इनमें प्रमुख रूप से—
- श्रीराम मंदिर और बालाजी धाम की ज्योत के दर्शन
- दो ड्रोन के माध्यम से पुष्पवर्षा
- कोटद्वार के सिद्धबली हनुमान जी की झांकी
- हवा में उड़ते हनुमान जी की झांकी
- हजारों फूलों से सजे बालाजी महाराज
- शिव बारात में अघोरियों के हैरतअंगेज प्रदर्शन
- बाहुबली हनुमान जी के दर्शन
चैत्र पूर्णिमा को मनाया जाता है हनुमान जन्मोत्सव
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार हनुमान जन्मोत्सव हर वर्ष चैत्र माह की पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। इस दिन घर या मंदिर में भगवान हनुमान की प्रतिमा या चित्र स्थापित कर विधिवत पूजा की जाती है। पूजा के दौरान सिंदूर, चमेली का तेल, लाल फूल और तुलसी अर्पित करना शुभ माना जाता है।
पूर्व संध्या पर हुआ सुंदरकांड का पाठ
हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर जामुनवाला स्थित एकादशमुखी हनुमान मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शाम के समय मंदिर में सुंदरकांड का पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर समिति के अनुसार आज हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत महायज्ञ से होगी, जिसके बाद पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस और प्रशासन की ओर से आयोजन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।