Wednesday, October 28, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डदो सप्ताह बाद बीकेटीसी के अस्थायी कर्मचारियों का धरना समाप्त

दो सप्ताह बाद बीकेटीसी के अस्थायी कर्मचारियों का धरना समाप्त

बद्रीनाथ। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अस्थायी कर्मचारियों का विभिन्न मांगों को लेकर पिछले दो सप्ताह से चल रहा धरना मंगलवार को समाप्त हो गया। श्री बदरीनाथ धाम में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के साथ हुई वार्ता में कर्मचारियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान का आश्वासन मिलने के बाद संयुक्त कर्मचारी संघ ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। कर्मचारियों ने उनकी मांगों के समाधान की दिशा में की गई पहल के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बीकेटीसी अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

मंगलवार को बदरीनाथ धाम में मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, चारधाम यात्रा सलाहकार माधव सेमवाल, समिति सदस्य धीरज पंचभैया ‘मोनू’, राकेश भंडारी और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ की उपस्थिति में आंदोलनरत कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से विस्तृत वार्ता की।

वार्ता के दौरान द्विवेदी ने बताया कि 24 अक्टूबर को बीकेटीसी के ऋषिकेश कार्यालय में अस्थायी कर्मचारियों की मांगों पर हुई बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवान की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री की एकमुश्त समाधान संबंधी घोषणा पर आगे की कार्रवाई, समान कार्य के लिए समान वेतन तथा सम्मानजनक वेतन वृद्धि जैसे विषयों पर विचार करने के लिए एक उपसमिति गठित की गई है। यह उपसमिति 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इसके आधार पर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से अस्थायी कर्मचारियों के हित में की गई एकमुश्त समाधान की घोषणा पर शासन और मंदिर समिति के स्तर पर कार्रवाई विचाराधीन है। इसके अतिरिक्त 22 मार्च 2025 की बीकेटीसी बोर्ड बैठक की कार्यवाही के अनुरूप अस्थायी कर्मचारियों के वेतन निर्धारण के लिए नीति तैयार की जा रही है। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों का समयबद्ध और न्यायसंगत समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

वार्ता के बाद बीकेटीसी अध्यक्ष मंदिर के निकट धरने पर बैठे कर्मचारियों के बीच पहुंचे और उन्हें अब तक की कार्रवाई की जानकारी दी। कर्मचारियों ने उपसमिति के गठन और निर्धारित समयसीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए धरना समाप्त करने की घोषणा की।

इस अवसर पर द्विवेदी ने चारधाम यात्रा की उपलब्धियों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक बदरीनाथ धाम में 21 लाख 33 हजार 616 और केदारनाथ धाम में 18 लाख 34 हजार 857 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इस प्रकार दोनों धामों में कुल 39 लाख 68 हजार 473 तीर्थयात्री पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में अब तक 62 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होने तक श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।

वार्ता के दौरान प्रभारी अधिकारी राकेश सेमवाल, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़, अतुल डिमरी, संजय भट्ट, राजदीप सनवाल और राजेश नंबूदरी उपस्थित रहे। अस्थायी कर्मचारियों की ओर से वेदपाठी डॉ. अमित बंदोलिया, राजेंद्र पुरोहित, रत्नेश पंवार, मोहन राणा, इंदु देवी, योगिता चौहान और हरीश बिष्ट सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

Post navigation

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments