Tuesday, March 10, 2026
Homeअपराधमुख्य हाईवे पर पलटा मार्बल्स से भरा ट्रक,आवाजाही हुुई बाधित

मुख्य हाईवे पर पलटा मार्बल्स से भरा ट्रक,आवाजाही हुुई बाधित

देहरादून। सोमवार को सहारनपुर की ओर से आ रहा मार्बल्स से भरा एक ट्रक मोहब्बेवाला के पास मुख्य हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद देहरादून-सहारनपुर मार्ग पर दोनों ओर का यातायात प्रभावित हो गया, जिससे आसपास के मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने के साथ ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, ट्रक सहारनपुर की ओर से देहरादून आ रहा था। मोहब्बेवाला के पास अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया।
ट्रक में भरे मार्बल्स सड़क पर फैल गए, जिसके कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। घटना के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना क्लेमेनटाउन पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों ओर से यातायात को डायवर्ट करना शुरू किया, ताकि जाम की स्थिति न बने और अन्य मार्गों पर यातायात सुचारू रखा जा सके।
इसके साथ ही क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को हटाने और सड़क पर फैले मार्बल्स को साफ करने का कार्य भी किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments