पुलिस ने पिथौरागढ़ मार्ग पर पेटशाल में काली मंदिर के पास कार से 14 पेटी अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को आबकारी एक्ट में गिरफ्तार किया है और वाहन को सीज कर दिया है।
एसएसपी प्रदीप कुमार राय ने एसओजी टीम और थाना, चौकी प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस उपाधीक्षक (आपरेशन) ओशिन जोशी के नेतृत्व में एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मार्ग पर पेटशाल में काली मंदिर के पास कार (डीएल-5-सीएफ-3356) को रोककर तलाशी ली। वाहन में दो लोग बैठे हुए थे। पुलिस ने वाहन में रखी 14 पेटियों से अंग्रेजी शराब के पव्वे बरामद किए।
पुलिस ने वाहन सवार दीपक सिंह (29) निवासी जैती (लमगड़ा) और विजय सिंह (28) निवासी कोटा, पोस्ट चरचालीखान जिला अल्मोड़ा को आबकारी अधिनियम में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों युवक शहरफाटक से कसारदेवी की ओर शराब बेचने ले जा रहे थे।