Friday, April 3, 2026
Homeउत्तराखण्डएडवांस बुकिंग से पैक हुए नैनीताल और आसपास के होटल

एडवांस बुकिंग से पैक हुए नैनीताल और आसपास के होटल

नैनीताल। यदि आप स्वतंत्रता दिवस नैनीताल या फिर इसके आसपास के पिकनिक स्पॉट में मनाना चाह रहे हैं और यहां आने की प्लानिंग कर रहे हैं तो घर से निकलने से पहले होटल और पार्किंग की स्थिति जांच लें। कहीं ऐसा न हो कि यहां पहुंचने के बाद आपको होटल के लिए या फिर गाड़ी खड़ी करने के लिए भटकना पड़े। ऐसा इसलिए क्योंकि स्वतंत्रता दिवस के दौरान कई छुट्टियां एकसाथ होने के कारण नैनीताल ही नहीं बल्कि इसके आसपास के अधिकतर पर्यटक स्थलों के होटल अभी से पैक हो चुके हैं।
इस बार अप्रैल-मई में भी पर्यटक सीजन खासा बेहतर रहा था। जुलाई से मानसून सीजन शुरू होने के बाद नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटक गतिविधियों में कमी आई लेकिन अगस्त शुरू होने के साथ ही पर्यटक गतिविधियां फिर बढ़ गई हैं। दस अगस्त के बाद से 15 अगस्त तक नैनीताल, भीमताल, भवाली, रामगढ़ और मुक्तेश्वर आदि क्षेत्रों के अधिकतर होटलों में एडवांस बुकिंग हो चुकी है। पर्यटन व्यवसायियों के मुताबिक, दस अगस्त से 15 अगस्त तक होटलों में एडवांस बुकिंग कराने वालों में दिल्ली, मुंबई, मुरादाबाद, नोएडा समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के सैलानी शामिल हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि अगस्त का दूसरा सप्ताह पर्यटन कारोबारियों के लिए अच्छी सौगात लेकर आएगा। पर्यटन व्यवसायियों ने भी स्वतंत्रता दिवस के दौरान उमड़ने वाली सैलानियों की भीड़ को देखते हुए अपने होटलों और रेस्टोरेंट में तैयारियां शुरू कर दी हैं।
गहरा सकती है जाम और पार्किंग की समस्या
नैनीताल। अगस्त दूसरे सप्ताह में नैनीताल और इसके आसपास के क्षेत्रों में पहुंचने वाले सैलानियों को पार्किंग और जाम की दिक्कतों से जूझना पड़ सकता है, क्योंकि नैनीताल में अभी भी पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। शहर के भीतर स्थित छोटे-बड़े पार्किंग स्थलों की क्षमता मात्र पांच हजार वाहन की है। ऐसे में फिर से बगैर पार्किंग वाले होटलों में कमरे बुक करा चुके सैलानियों को रूसी बाईपास और नारायण नगर की अस्थायी पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। दूसरी ओर रानीबाग में निर्माणाधीन डबल लेन पुल अभी चालू नहीं हुआ है। नैनीताल-भवाली रोड पाइंस के पास टूटी हुई है। यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो सैलानियों को दिक्कतें होना तय है। 10 से लेकर 15 अगस्त तक अधिकतर होटलों में एडवांस बुकिंग है। उम्मीद है कि इस दौरान पर्यटक सीजन अच्छा चलेगा। दिनेश साह, अध्यक्ष नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन
भीमताल क्षेत्र के अधिकतर होटलों में 11 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक की बुकिंग हो चुकी है। स्वतंत्रता दिवस के दौरान क्षेत्र में सैलानियों की खासी चहल-पहल रहने की उम्मीद है। – विनोद गुणवंत, अध्यक्ष ग्रेटर भीमताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन भीमताल
दिल्ली, मुंबई और मुरादाबाद समेत यूपी के कई शहरों से होटलों में कमरों के बारे में पूछताछ हो रही है। भवाली और इसके आसपास के अधिकतर होटलों में अगस्त के पहले पखवाड़े में कमरे अभी से बुक हो चुके हैं। – राजेंद्र प्रसाद कपिल, अध्यक्ष होटल एसोसिएशन भवाली।
स्वतंत्रता दिवस के दौरान हर साल सैलानियों की आवाजाही बढ़ती है। इस बार भी भीड़ बढ़ेगी तो उसी के अनुरूप व्यवस्थाएं की जाएंगी। जरूरत पड़ी तो बाहर से आने वाले वाहनों को अस्थायी पार्किंग स्थलों में खड़ा कराया जाएगा। – धीराज सिंह गर्ब्याल, डीएम, नैनीताल

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments