केलाखेड़ा। पुलिस ने ट्रक में भरी 230 पेटी अंग्रेजी शराब सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 15 लाख बताई गई है। रविवार को थाना परिसर में एसपी काशीपुर चंद्र मोहन सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एसओ भुवन चंद्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हाईवे स्थित फौजी ढाबे के सामने काशीपुर को जाने वाली रोड पर चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर के ट्रक से विभिन्न ब्रांड 230 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की।
पुलिस ने जयतोली चंपावत निवासी हरीश जोशी और गांव महेशपुरा बाजपुर निवासी फूल सिंह को मौके से गिरफ्तार किया। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बरामद माल और गिरफ्तार आरोपियों को थाने लाकर धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा किया। एसपी चंद्रमोहन ने पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 15 लाख बताई। एसओ भुवन चंद्र जोशी ने बताया कि आरोपी केलाखेड़ा ठेके से बिना अनुमति और आदेश के शराब लेकर देहरादून जा रहे थे। पुलिस टीम में एसओ भुवन चंद्र जोशी, बेरिया दौलत चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह, महिपाल सिंह, इरशाद उल्ला, लक्ष्मण लाल, होमगार्ड लोमेश कुमार, नरेश कुमार आदि थे।