हल्द्वानी। डीएम धीराज गर्ब्याल ने भीमताल स्थित बायोटेक्नोलॉजी कॉलेज के प्रोफेसर पर लगाए गए आरोपों की जांच के लिए कुमाऊं विश्वविद्यालय के निबंधक को पत्र भेजा है।भीमताल भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश भट्ट ने सीडीओ को पत्र भेजा था जिसमें कहा गया है कि उन्हें पांच अगस्त को पोस्टऑफिस के माध्यम से एक पत्र प्राप्त हुआ था। पत्र में पीएचडी की छात्रा ने बायोटेक्नोलॉजी कॉलेज के प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा ने इसकी शिकायत एचओडी से भी की, लेकिन एचओडी ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस कारण उसे अपना शोध कार्य छोड़कर जाना पड़ा। आरोप यह भी है कि प्रोफेसर के अंडर में रिसर्च कर रहीं पांच छात्राएं अपना शोध कार्य छोड़ चुकी हैं।
मंडल अध्यक्ष भट्ट ने सीडीओ से जांच कमेटी बनाकर जांच करने और जांच पूरी नहीं होने तक एचओडी को भी हटाने की मांग की है। उधर शिकायती पत्र के बाद डीएम धीराज गर्ब्याल ने निबंधक कुमाऊं विश्वविद्यालय को पत्र लिखकर इस मामले में जांच कर कार्रवाई करने के लिए कहा है।