Friday, October 16, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डसभासद के घर से 80 तोला सोना, ढाई किलो चांदी की चोरी

सभासद के घर से 80 तोला सोना, ढाई किलो चांदी की चोरी

गदरपुर। रक्षाबंधन पर चोरों ने महिला सभासद के घर को निशाना बनाते हुए 80 तोले सोने के जेवरों, ढाई किलो चांदी के साथ ही करीब सवा चार लाख की नकदी चुरा ली। घटना के समय सभासद रक्षाबंधन पर परिवार सहित अपने भाई के घर बुलंदशहर गई हुई थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वार्ड नंबर 11 की सभासद विनीता चौधरी पति पूर्व सभासद बृजेश चौधरी व पुत्र कोकिल चौधरी के साथ रक्षाबंधन के लिए बृहस्पतिवार को बुलंदशहर गई थीं। शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे विनीता परिवार सहित गदरपुर लौटीं। घर के मुख्य द्वार का ताला खोलकर भीतर जाकर देखा तो घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त था। दोनों कमरों में रखी अलमारियों से सोने के करीब 80 तोले के जेवर, ढाई किलो चांदी व सवा चार लाख की नकदी गायब थी। चोरों ने अलमारियों के अलावा हैंडबैग तक खंगाल रखे थे।
सूचना पर थाना अध्यक्ष राजेश पांडे मौके पर पहुंचे। चोरों ने घर में घुसने के लिए ठंडी नदी के किनारे बनी बालकनी का सहारा लिया। आशंका है कि चोरों ने बालकनी में पहुंचकर पिछले दरवाजे को तोड़कर कुंडा खोला और अंदर घुसकर इत्मीनान से चोरी की घटना को अंजाम दिया। पालिका अध्यक्ष गुलाम गौस और व्यापार मंडल के अलावा कांग्रेस संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर चोरी की घटना की जानकारी ली। थाना अध्यक्ष ने बताया कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। फोरेंसिक टीम को भी बुुलाया गया है। सभासद के पति ने तहरीर देकर चोरों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
जेवर-नकदी चुराने के बाद चोरों ने अलमारियों में लगा दिए ताले
गदरपुर। अनुमान लगाया जा रहा है कि घर में घुसे चोरों ने बहुत ही इत्मीनान के साथ चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने जिस सफाई से अलमारियों के ताले खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी को उड़ाया है, उससे लगता है कि चोरों को घर की स्थिति के बारे में काफी जानकारी थी। चोरों ने अलमारियों से जेवर और नकदी चुराने के बाद उनमें ताले लगा दिए थे।
कानून व्यवस्था पर खड़े हुए प्रश्न चिह्न
गदरपुर। सभासद विनीता चौधरी कांग्रेस के टिकट से चुनाव जीती थीं। उनके घर पर चोरी होने की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, डीसीबी के पूर्व अध्यक्ष सुभाष बेहड़, कांग्रेस के कार्यकारी नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ भुसरी, युकां प्रदेश सचिव मन्नू चौधरी के अलावा व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़, पूर्व अध्यक्ष पंकज सेतिया व मनीष फुटेला सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए। सभी ने चोरी की घटना की निंदा करते हुए कानून व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न खड़े किए। पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments