हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में प्रवेश की रफ्तार धीमी गति से चल गई है। दो दिन में मात्र 283 विद्यार्थियों को ही प्रवेश मिल सका है जबकि 17 अगस्त से शैक्षणिक सत्र 2022-23 की शुरुआत होनी है। ऐसे में कब प्रवेश प्रक्रिया पूरी होगी और कब पढ़ाई शुरू हो पाएगी, यह एक बड़ा प्रश्न बना हुआ है।
महाविद्यालय में करीब साढ़े तीन हजार सीटों पर प्रवेश के लिए लगभग आठ हजार विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। पहली मेरिट सूची जारी होने के बाद प्रवेश के लिए रोजाना छात्र-छात्राओं की भीड़ लग रही है, लेकिन प्रवेश की रफ्तार धीमी होने से छात्रों को घंटों तक प्रवेश समिति के आगे खड़ा होना पड़ रहा है। इससे न तो उन्हें समय पर प्रवेश मिल रहा है और न ही दस्तावेजों में आ रही कमी का समय पर पता लग पा रहा है।
प्रवेश समिति से मिली जानकारी के अनुसार, दूसरे दिन शुक्रवार को 194 विद्यार्थियों को प्रवेश मिला। बीए में 40, बीएससी गणित में 49, बीएससी बायो में 27, वाणिज्य में 30 छात्र-छात्राओं को प्रवेश मिल पाया। इधर प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने कहा कि पहली मेरिट सूची में चयनित टॉपर बच्चे ही अभी प्रवेश के लिए आ रहे हैं। इसलिए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम है। दूसरी और तीसरी सूची निकलने के बाद प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ सकती है।