गांधी पार्क में पिछले दस दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे बेरोजगार संघ के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया तो कार्यकर्ताओं ने यहां भी नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने सभी को छोड़ दिया। सिंचाई विभाग के 228 पदों को वर्तमान में गतिमान संयुक्त कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा में समायोजित करने की मांग को लेकर बेरोजगार संघ के कार्यकर्ता पिछले दस दिनों से गांधी पार्क के बाहर धरना दे रहे थे। मांगें पूरी नहीं होने पर बुधवार को कार्यकर्ता सड़कों पर आकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब 30-40 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उन्हें पुलिस लाइन ले गई।
गिरफ्तारी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष बॉबी पंवार अगुवाई में पुलिस लाइन में भी प्रदर्शन शुरू कर दिया। कई और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। पंवार ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं को जबरन गिरफ्तार किया है। यह उनके अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रखा जाएगा। अब परेड ग्राउंड में धरना शुरू होगा।