Friday, November 20, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डवार्षिक बंदी के बाद छोटी दीपावली की रात गंगनहर में छोड़ा पानी,...

वार्षिक बंदी के बाद छोटी दीपावली की रात गंगनहर में छोड़ा पानी, श्रद्धालुओं में उत्साह

वार्षिक बंदी के दौरान पांच और छह अक्टूबर की मध्य रात्रि को बंद की गई ऊपरी खंड गंगनहर को रविवार रात खोल दिया गया। गंगनहर में जल आने से श्रद्धालु खुश हैं। वार्षिक बंदी के दौरान गंगनहर में सफाई और मरम्मत के कार्य पूरे किए गए हैं। प्रत्येक वर्ष उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग गंगनहर को दशहरे के दिन बंद करता है। इस दौरान नहर के पुलों की मरम्मत, सिल्ट की सफाई, सिंचाई के लिए बने नालों की मरम्मत के कार्य किए जाते हैं। गंगनहर को मायापुर बैराज से बंद किया जाता है। गंगनहर बंद होने के बाद हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त जल नहीं था। अब गंगनहर दोबारा खोले जाने से हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्र में जल की मात्रा बढ़ने से श्रद्धालु खुश हैं। गंगा पूजन, गंगा स्नान, अनुष्ठान, तर्पण, विसर्जन, कर्मकांड आदि कार्यों के लिए हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए हरकी पैड़ी पर पर्याप्त जल उपलब्ध रहा। उप्र सिंचाई विभाग के एसडीओ शिव कुमार कौशिक ने बताया कि छोटी दीपावली की रात नहर में पानी छोड़ दिया गया है।
दीपोत्सव को सजी धर्मनगरी, चहुंओर उमंग और उल्लास
प्रकाश पर्व दीपावली को लेकर धर्मनगरी की रौनक देखते ही बन रही है। घर और प्रतिष्ठानों को रंग-विरंगी रोशनी और झालरों से सजाया गया है। मठ, मंदिर और आश्रमों की सजावट देखते ही बन रही है। दीपावली की पूर्व संध्या पर बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। भारी भीड़ के चलते जाम की स्थिति भी बनती रही। दीपावली की पूर्व संध्या पर हरकी पैड़ी पर गंगा आरती में भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ नजर आयी। दीपावली को लेकर यूं तो धर्मनगरी कई रोज पहले ही सज चुकी है। लेकिन, सोमवार को मनाए जाने वाले दीपोत्सव को लेकर विशेष साज-सज्जा की गयी है। रंग-विरंगी रोशनी, लेजर लाइट, कंदील आदि से घर और प्रतिष्ठानों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मठ मंदिर, आश्रम-अखाड़ों की भी विशेष सजावट की गयी है। छोटी दीपावली पर धर्मनगरी के मठ मंदिर, आश्रम और अखाड़ों में मिट्टी के दीये और लाइटों से विशेष सजावट की गयी है।
बाजारों में मिठाई, पटाखे, गिफ्ट आइटम और सजावटी सामानों की देर रात तक खरीदारी हुई। हर तरफ उल्लास और उमंग छा गया। नगरवासियों ने रात में आतिशबाजी कर खुशियां मनायी। हरिद्वार डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र भटेजा ने बताया कि छोटी दीपावली पर अच्छा कारोबार हुआ। ग्राहकों ने जमकर खरीददारी की। जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह रावत, श्री गंगा सभा के अध्यक्ष प्रदीप कुमार झा, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज (निरंजनी अखाड़ा), श्रीमहंत रविंद्रपुरी (महानिर्वाणी), जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद महाराज समेत संत-महंतों ने दीपावली की शुभकामनाएं देते इस पुनीत पर्व को हर्षोल्लास, आपसी प्रेम और सावधानी से मनाने की अपील की है। कहा कि यह त्योहार मर्यादा, सत्य, कर्म और सद्भावना का संदेश देता है। अंधेरा यानि अज्ञानता से उजाला अर्थात ज्ञान की तरफ जाने का संदेश देता है।
ऊर्जा निगम की तैयारी पूरी
दीपावली पर बिजली ना जाए इसके लिए ऊर्जा निगम की ओर से अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। मोबाइल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की गयी है। अधिशासी अभियंता शहर डिवीजन अनूप कुमार ने बताया कि शाम छह से रात 11 बजे तक के लिए सभी बिजली घरों पर एक-एक सहायक अभियंता की ड्यूटी लगायी गयी है। वहीं ऊर्जा निगम के उच्चाधिकारी भी दीपावली की रात व्यवस्था की मानीटरिंग करेंगे।
अस्पताल में राउंड द क्लाक चलेगी इमरजेंसी
त्योहार पर आपातकालीन स्थिति में डाक्टर आन काल जिला अस्पताल में उपस्थित रहेंगे। प्रभारी सीएमएस डा. चंदन मिश्रा ने बताया कि पटाखों से जलने वालों के लिए अस्पताल की इमरजेंसी में पर्याप्त दवाई, एंटीबायोटिक समेत अन्य आपात व्यवस्था की गयी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments