Saturday, October 31, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डइलाज न मिलने की शिकायत पर दून अस्पताल में हंगामा

इलाज न मिलने की शिकायत पर दून अस्पताल में हंगामा

महिला मरीज को इलाज न मिलने की शिकायत और डॉक्टर द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर दून मेडिकल अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। पुलिस और अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह बीच बचाव कर मामला शांत कराया। डॉक्टर का अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह डॉक्टर एक मंत्री के बेटे बताए जा रहे हैं। वाकया बृहस्पतिवार रात का है। खुड़बुड़ा निवासी एक महिला की जहरीला पदार्थ खाने से तबीयत बिगड़ गई थी। परिजनों ने उसे राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ देर बाद परिजनों ने उपचार ठीक से न मिलने की शिकायत सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं से की। इस पर दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी कार्यकर्ताओं के साथ दून अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। आरोप है कि डॉक्टर इमरजेंसी में भर्ती महिला की उपचार ठीक से नहीं कर रहे थे। बार-बार बुलाने पर भी महिला को उपचार के लिए डॉक्टर नहीं पहुंच रहे थे। इस बीच जोशी ने इमरजेंसी में मौजूद जेआर डॉ. अनिरुद्ध उनियाल से इस संबंध में पूछा।
डॉ. अनिरुद्ध ने कहा कि यह उनका केस नहीं है। आरोप है कि डॉक्टर ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें बाहर जाने को कहा। इसे लेकर इमरजेंसी में ही कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताते हुए हंगामा किया। उनका कहना था कि अस्पताल में मरीजों को ठीक से उपचार नहीं दिया जा रहा है। इसी बीच कार्यकर्ताओं के साथ वहां मौजूद एक हड्डी रोग विशेषज्ञ से भी तीखी नोकझोंक हुई। डॉक्टर की महिला कार्यकर्ताओं से भी झड़प हुई। दून पुलिस चौकी और अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को बाहर कर मामला शांत कराया। सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने शुक्रवार को इस संबंध में प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना को पत्र लिखकर डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग की। वहीं, डॉक्टर अनिरुद्ध ने किसी तरह की अभद्रता से इनकार किया है, जबकि प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना का कहना है कि डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही इमरजेंसी में हंगामा करने वालों को भी हिदायत दी जाती है कि इस तरह हंगामा कर मरीजों के इलाज में व्यवधान न पहुंचाएं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments