Wednesday, November 11, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डजंगली जानवरों से खेती को बचाने के लिए लगाए जाएंगे सोलर फेसिंग:...

जंगली जानवरों से खेती को बचाने के लिए लगाए जाएंगे सोलर फेसिंग: बहुगुणा

बागेश्वर। कैबिनेट मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा जिले के दो दिवसीय दौरे पर बागेश्वर पहुंचे। उन्होंने भाजपा के जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक ली। इस दौरान जिले की प्रमुख समस्याओं के निदान और विकास कार्यों को लेकर किए जा रहे कार्यों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए उरेडा के कुल बजट का 70 फीसदी हिस्सा खर्च करने की बात कही। भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने कहा कि पहाड़ की खेती में धीरे-धीरे आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग बढ़ रहा है जिसका लाभ किसानों को मिल रहा है। हालांकि जंगली सुअर और बंदरों की समस्या भी बढ़ रही है। इसके निदान के लिए वन विभाग और उरेडा के माध्यम से सोलर पावर फेसिंग का कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा अवैध खनन और नशे के खिलाफ सख्ती से निपटने के लिए डीएम और एसपी से चर्चा की गई है। पुलिस को सख्ती से अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देेश दिए गए हैं। जिला विकास प्राधिकरण में जिलेवासियों को रियायत देने के लिए शहरी विकास मंत्रालय से वार्ता करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास के लिए तेजी से कार्य कर रही है। पहाड़ों पर खेती, उद्यानीकरण, पशुपालन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का अधिकाधिक लोगों को लाभ मिल रहा है। गोट वैली योजना का कपकोट से शुभांरभ हो गया है। योजना के तहत जिले के 10 हजार पशुपालकों को लाभ दिलाया जाएगा। मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार छोटे टैंक बनाने के लिए राशि उपलब्ध करा रही है।
कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ
बागेश्वर। जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भाजपा के जिला कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंटवार्ता की। जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रसार करने और जन-जन तक पहुचाने को कहा। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिले में नशे के बढ़ते चलन का मुद्दा उठाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिले में स्मैक का कारोबार बढ़ रहा है। स्कूली किशोरों को निशाना बनाकर स्मैक का आदी बनाया जा रहा है लेकिन पुलिस और एसओजी की टीम नशे के अवैध कारोबारियों पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। कैबिनेट मंत्री ने किशोरों और युवाओं में नशे के बढ़ते चलन को गंभीर मामला बताया और एसपी को फोन कर नशे का धंधा करने वालों से सख्ती से निपटने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य करने को कहा। बैठक में विधायक सुरेश गढ़िया, चमोली जिले के प्रभारी कुंदन परिहार, ब्लॉक प्रमुख पुष्पा देवी, रवि करायत, रमेश तिवारी, प्रकाश साह, राजेश रौतेला, दयाल कांडपाल, आशा फुलारा, विमला कपकोटी, रमेश तिवारी, खड़क टंगड़िया आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments