Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तराखण्डअल्मोड़ा और बागेश्वर में 1492 ने छोड़ी परीक्ष

अल्मोड़ा और बागेश्वर में 1492 ने छोड़ी परीक्ष

अल्मोड़ा/बागेश्वर। अल्मोड़ा और बागेश्वर जिले में उत्तराखंड पब्लिक सर्विस कमीशन यूकेपीएससी की ओर से आयोजित पुलिस कांस्टेबल (सिपाही) भर्ती की लिखित परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई है। दोनों जिलों में कुल 1492 अभ्यर्थियों परीक्षा से गैरहाजिर रहे। रविवार सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक आयोजित परीक्षा में अल्मोड़ा जिले के 39 परीक्षा केंद्रों में 8200 अभ्यर्थी शामिल हुए। बागेश्वर के 18 केंद्रों में 4680 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा दी। अल्मोड़ा जिले में कुल 9186 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। 8200 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 986 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। नोडल अधिकारी और एडीएम सीएस मर्तोलिया ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई है।
दो सीओ के जिम्मे थी सुरक्षा व्यवस्था
परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू की थी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। परीक्षा ड्यूटी में सीओ दो, एसएचओ दो, टीआई, टीएसआई दो, कांस्टेबल 78, महिला कांस्टेबल 39, ट्रैफिक कांस्टेबल 15, तीन फायर टेंडर ड्यूटी में तैनात किए गए थे।
सामान्य ज्ञान के सवालों ने किया परेशान
अल्मोड़ा। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से हुई पुलिस कांस्टेबल (सिपाही) भर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों में उत्साह दिखाई दिया। परीक्षार्थियों ने बताया कि गणित और अन्य सवाल ठीक थे लेकिन सामान्य ज्ञान के सवालों ने उलझन पैदा की। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि जीके ने परीक्षा में अंकों का गणित भी बिगाड़ दिया।
क्या कहते हैं अभ्यर्थी
सिरकोट से आई प्रिया बिष्ट ने बताया कि पेपर अच्छा गया है। गणित, रिजनिंग के सवाल पढ़े हुए आए थे। अच्छे अंक मिलने की उम्मीद है। सुबह जल्दी परीक्षा केंद्र पहुंच कर गई थी।
नगर की नेहा बिष्ट ने बताया कि परीक्षा की लंबे समय से तैयारी कर रही थी। हिंदी, गणित अच्छी थी, जीके में नए सवाल पूछे गए। प्रश्न पत्र में 80 अंक आने की उम्मीद है।
गरुड़ से आए प्रकाश गिरी ने बताया कि प्रश्न पत्र में अधिकांश सवाल पढ़े हुए आए थे। जीके पढ़े हुए सिलेबस से अलग आया था। उम्मीद है कि 75 तक अंक मिलेंगे।
कमेड़पानी से आए गोविंद राम टम्टा ने बताया कि पेपर अच्छा गया है। जीके के सवालों ने थोड़ी उलझन पैदा की। परीक्षा के बाद अब रिजल्ट का इंतजार करना पड़ेगा।
चिलियानौला से आए दीपांशु क्वार्बी ने बताया कि परीक्षा की लंबे समय से तैयारी कर रहा था। पेपर अच्छा गया है। परीक्षा में अच्छे अंक मिलने की उम्मीद है।
लमगड़ा से आए हिमांशु फर्त्याल ने बताया कि प्रश्न पत्र में पूछे गए सभी सवालों के जवाब दिए हैं। उम्मीद है कि परीक्षा के बाद पुलिस चयन हो जाएगा।
परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी कराई गई
बागेश्वर। जिले के तीनों ब्लॉकों में पंजीकृत 5186 अभ्यर्थियों में से 506 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा के लिए बागेश्वर विकासखंड में 10, गरुड़ में पांच और कपकोट में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिले के तीनों एसडीएम को जोनल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई थी। सीईओ जीएस सौन को पर्यवेक्षक बताया गया था। पर्यवेक्षक सौन ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी परीक्षा कक्षों में दो-दो शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। एसपी हिमांशु वर्मा ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए और वीडियोग्राफी भी कराई गई है। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम चंद्र सिंह इमलाल ने बताया कि सामूहिक प्रयास से परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न कराई गई।
बोले परीक्षार्थी
परीक्षा केंद्र में इंतजाम अच्छे थे, पेपर भी काफी अच्छा रहा। परीक्षा के चलते वाहनों में अधिक भीड़ थी। टैक्सी में आने-जाने में थोड़ा परेशानी का भी सामना करना पड़ा। – हेमा जोशी, परीक्षार्थी, भयेड़ी,
कोट
परीक्षा केंद्र तक आने में दो बार टैक्सी बदलनी पड़ी। रविवार होने के कारण भी गाड़ियों की कमी थी, जिसके कारण परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे, जिसके चलते अधिक दिक्कत नहीं हुई। – सुमन, मैगड़ीस्टेट
कोट
गांव से परीक्षा केंद्र आने के लिए वाहन मिलने में परेशानी होती है। सुबह जल्दी उठकर सड़क पर पहुंच गए थे। अन्य दिनों की अपेक्षा टैक्सी में भीड़ भी अधिक थी। पेपर अच्छा आया था। उम्मीद है परिणाम भी मनमुताबिक होगा। – विजय नगरकोटी, काफलीगैर
कोट
परीक्षा देने के लिए अल्मोड़ा से आया था। कुछ गाड़ी वाले मनमाना किराया मांग रहे थे। जिसके कारण परेशानी उठानी पड़ी। अब वापसी में भी जद्दोजहद करनी पड़ सकती है। – नीरज राठौर, अल्मोड़ा

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments