Wednesday, November 11, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डLPG सिलिंडर लीकेज के बाद हुआ जोरदार धमाका, घर की दीवारें गिरी,...

LPG सिलिंडर लीकेज के बाद हुआ जोरदार धमाका, घर की दीवारें गिरी, चार घायल, दो झुलसे

ट्रांजिट कैंप में एक घर के किचन में रसोई गैस सिलिंडर के लीकेज में चिंगारी पहुंचने से धमाका हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि घर की दीवार गिरने के साथ ही पड़ोस के दो घरों की छत भी गिर गई। हादसे में किचन में मौजूद किशोरी और उसके फूफा बुरी तरह झुलस गए जबकि पड़ोस के घरों में मौजूद दोपरिवारों के चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही तीन घरों को सील कर दिया। मूल रूप से बहेड़ी, जिला बरेली व हाल में कृष्ण कॉलोनी, ट्रांजिट कैंप निवासी प्रेम नारायण कश्यप राजमिस्त्री का काम करते हैं। बृहस्पतिवार की शाम प्रेम नारायण काम पर गया था जबकि उसकी पत्नी सिडकुल स्थित एक कंपनी में ड्यूटी करने गई थी। घर में उसकी बेटी नीतू व बहनोई भूपराम मौजूद थे। प्रेम ने बताया कि शाम को नीतू खाना बनाने के लिए किचन में गई थी। सिलिंडर खत्म होने पर उसने दूसरा सिलिंडर लगाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं लगा सकी। नीतू ने फूफा भूपराम को आवाज दी तो उसने सिलिंडर को चूल्हे में फिट किया।
चेक करने के लिए जैसे ही भूपराम ने माचिस जलाई तो वहां भयंकर धमाका हो गया। धमाके में नीतू (17) और भूपराम (41) बुरी तरह झुलस गए। इसके साथ ही किचन की दीवारों में दरार आ गई और हादसे में घर की एक दीवार के अलावा पड़ोस में स्थित दो घरों की छत गिर गई जिसमें कल्पना (36), उसकी बेटी दीपिका (6), बेटा दीपांकर (13) और दूसरे घर में मौजूद मदनलाल की बेटी विनीता (15) घायल हो गई। घटना के बाद घायलों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को घर से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर ट्रांजिट कैंप पुलिस के साथ ही विधायक शिव अरोरा मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों जिला अस्पताल पहुंचाया गया। नीतू और भूपराम का चेहरा बुरी तरह झुलस गया जबकि बाकी लोगों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। एसडीएम प्रत्यूष सिंह ने बताया कि प्रभावित परिवार के सदस्यों को नजदीक के एक स्कूल में ठहरा दिया गया है। उनको कंबल मुहैया कराया गया व खाने का इंतजाम भी करा दिया गया है।
फोरेंसिक टीम करेगी घटना की जांच
ट्रांजिट कैंप में हुई धमाके के घटना की जांच फोरेंसिक टीम करेगी। एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ अनुषा बडोला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों को क्षतिग्रस्त घर से दूर रहने का निर्देश दिया। एसपी सिटी ने बताया कि शुक्रवार को फोरेंसिक टीम घटना की जांच करेगी।
विधायक और मेयर ने जाना घायलों का हाल
विधायक शिव अरोरा व मेयर रामपाल ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। विधायक ने घायलों को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं कुछ घायलों को विधायक ने अपने वाहन से जिला अस्पताल भी पहुंचाया। इधर, ट्रांजिट कैंप में धमाका होने से आसपास के लोग दहशत में आ गए। धमाके के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने लोगों को क्षतिग्रस्त घर से दूर कर दिया।
मंगलवार को सिलिंडर लेकर आया था प्रेम
घटना से दहशत में आए प्रेम ने बताया कि वह मंगलवार को गैस एजेंसी से सिलिंडर खरीद कर लाया था। घटना होने के आधा घंटा पहले उसका बहनोई बहेड़ी निवासी भूपराम उसके घर पहुंचा था। फूफा के आने के बाद नीतू खाना बनाने के लिए किचन में गई थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments