रामनगर (नैनीताल)। रामनगर में अग्रवाल सभा में निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह के दौरान दो महिलाओं की चोटी काटने का मामला सामने आया है। मामले में अब तक पुलिस को किसी ने तहरीर नहीं दी है। रामनगर कोतवाल के एसएसआई अनीस अहमद ने बताया कि अग्रवाल सभा में निर्धन कन्याओं का विवाह चल रहा था। इस बीच किसी अराजक तत्व ने दो महिलाओं के बाल काट दिए। एक महिला ने कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। महिला एसआई रेनू मौके पर पहुंची और लोगों को पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिलाओं ने किसी पर आरोप नहीं लगाया और न ही अब तक तहरीर दी है। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि संभवत: किसी ने शरारतन महिलाओं के बाल काटे हैं। तहरीर नहीं मिली है, फिर भी पुलिस सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर घटना की जांच कर रही है।