Sunday, November 8, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डवीकेंड पर नैनीताल हुआ हाउस फुल, पर्यटक स्थलों में उमड़ी सैलानियों की...

वीकेंड पर नैनीताल हुआ हाउस फुल, पर्यटक स्थलों में उमड़ी सैलानियों की भीड़, घंटों जाम में जूझे सैलानी

गुड फ्राइडे और वीकेंड साथ होने के कारण नैनीताल और आसपास के पर्यटक स्थलों में सैलानियों की भीड़ रही। इसके चलते हल्द्वानी से लेकर नैनीताल तक के होटल और पार्किंग पैक नजर आई। बता दें कि शुक्रवार से रविवार तक तीन दिन की छुट्टी के चलते दिल्ली, नोएडा और यूपी के अन्य शहरों से आने वाले सैलानियों ने नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में एडवांस में होटल आदि बुक कराए हैं। रविवार तक अधिकतर होटल और रिजॉर्ट पैक हैं। नैनीताल पहुंचे सैलानियों ने नैनीझील में नौकायन किया जबकि घुड़सवारी के शौकीन पर्यटक बारापत्थर पहुंचे। मल्लीताल स्थित पंत पार्क सुबह से ही सैलानियों से पैक रहा। गुड फ्राइडे पर नैनीताल में सैलानियों की भीड़ से सड़कों पर जाम की स्थिति रही।
होटलों की एडवांस बुकिंग
दोपहर बाद डीएसए मैदान, मेट्रोपोल और केएमवीएन के पार्किंग स्थलों के साथ-साथ नगर में स्थित 12 से अधिक छोटे पार्किंग स्थल फुल हो गए। कई सैलानियों ने सड़क किनारे वाहन खड़े किए तो पुलिस ने उनमें जैमर लगाकर चालानी कार्रवाई की। सैलानियों के वाहनों का दबाव बढ़ने पर पुलिस ने हल्द्वानी रोड पर रूसी बाईपास के पास, कालाढूंगी रोड पर नारायण नगर और भवाली रोड पर टूटा पहाड़ के पास नैनीताल की ओर आ रही गाड़ियों को रोक लिया और पांच-पांच वाहन कर नगर में प्रवेश कराया। इन सभी सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार नजर आई। कई सैलानियों ने बताया कि रूसी बाईपास से पुलिस ने केवल उन्हीं वाहनों को नैनीताल में प्रवेश करने दिया जिनके पास पार्किंग सुविधा वाले होटलों की एडवांस बुकिंग थी।
भीमताल से कैंची तक लगा जाम
भीमताल/भवाली/मुक्तेश्वर। तीन दिन की छुट्टी के चलते शुक्रवार को भीमताल से लेकर कैंची तक घंटों जाम की समस्या बनी रही। जाम के चलते सैलानियों और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीमताल में तल्लीताल से नौकुचियाताल मार्ग तक लगे जाम में हर कोई परेशान रहा। शुक्रवार को भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल पहुंचे सैलानियों ने नौकायन और पैरागलाइडिंग का लुत्फ उठाया। कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इससे कैंची, भवाली में जगह-जगह जाम की समस्या बनी रही। भीमताल, भवाली और खैरना पुलिस दिनभर जाम खुलवाती रही। इधर, नोएडा से आए अमित मित्तल ने बताया कि वह परिवार के साथ भीमताल घूमने पहुंचे लेकिन कमरा नहीं मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ा। सैलानी मुक्तेश्वर और रामगढ़ भी घूमने के लिए पहुंचे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments