Saturday, October 24, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डगड़करी आज जारी करेगे उत्तराखंड भाजपा का दृष्टि पत्र, झलकेगा नमो का...

गड़करी आज जारी करेगे उत्तराखंड भाजपा का दृष्टि पत्र, झलकेगा नमो का विजन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले वर्ष पांच नवंबर को केदारनाथ में कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक (2020-30 का कालखंड) उत्तराखंड का है। ढांचागत विकास पर ध्यान केंद्रित करने से पलायन रुकेगा। पहाड़ का पानी और जवानी अब उत्तराखंड के काम आने लगा है। प्रधानमंत्री ने राज्य के विकास के प्रति डबल इंजन की प्राथमिकता को भी केंद्र में रखा था। अब प्रधानमंत्री का यही विजन भाजपा के दृष्टि पत्र में भी झलकेगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को देहरादून में पार्टी का दृष्टि पत्र जनता को समर्पित करेंगे।
विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार डबल इंजन के महत्व को रेखांकित करने के साथ ही राज्य के विकास की गति को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए डबल इंजन यानी केंद्र व राज्य में भाजपा सरकार पर जोर दे रही है। प्रधानमंत्री की लोकप्रियता को भुनाने के लिए भी पार्टी ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। फिर चाहे वह प्रधानमंत्री के राज्य से संबंधित भाषण हों अथवा उनकी कविता, इन सभी को पार्टी ने चुनाव प्रचार का हिस्सा बनाया है। अब पार्टी बुधवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपना दृष्टि पत्र जारी करने जा रही है तो यह भी प्रधानमंत्री मोदी की छाया लिए होगा। दृष्टि पत्र के माध्यम से पार्टी भविष्य के उत्तराखंड के विकास का खाका सामने रखेगी तो इसमें प्रधानमंत्री का विजन शामिल होना स्वाभाविक है। पार्टी केंद्र की भाजपा सरकार के सात साल और प्रदेश की भाजपा सरकार के पांच साल में डबल इंजन के बूते हासिल उपलब्धियों का बखान तो करेगी ही, राज्य के चहुंमुखी विकास को डबल इंजन की प्राथमिकताएं भी रखेगी।
इसके अलावा पार्टी ने राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों से दृष्टि पत्र के लिए आमजन से भी सुझाव लिए। विधानसभा क्षेत्रों से 77 हजार से अधिक सुझाव भाजपा को मिले हैं। इनका विश्लेषण कर प्रमुख सुझावों को भी दृष्टि पत्र का हिस्सा बनाया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की चुनाव घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि दृष्टि पत्र उत्तराखंड की जनता का है। जनता के सुझावों को इसमें शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले दृष्टि पत्र में भाजपा ने जो वादे किए थे, वे पूरे किए हैं। अब जो पार्टी कहेगी, उन्हें पूरा करेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments