Saturday, October 24, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeअपराधश्रीनगर के नौगाम थाने में भयंकर धमाका: 6 की मौत, 24 से...

श्रीनगर के नौगाम थाने में भयंकर धमाका: 6 की मौत, 24 से अधिक घायल; फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक की जांच के दौरान हादसा

नौगाम पुलिस स्टेशन में हुआ भीषण विस्फोट, थाने का बड़ा हिस्सा तबाह

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में शुक्रवार देर रात हुए शक्तिशाली विस्फोट ने पूरे शहर को दहला दिया। धमाके में छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हैं, जिनमें ज्यादातर पुलिसकर्मी शामिल हैं। घायल लोगों को तुरंत उजाला सिग्नस, एसएमएचएस अस्पताल और 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

बरामद किए गए विस्फोटक की सैंपलिंग के दौरान हादसे की आशंका

सूत्रों के अनुसार, धमाका उस समय हुआ जब पुलिस और फोरेंसिक टीम फरीदाबाद से जब्त किए गए 360 किलो विस्फोटक का परीक्षण कर रही थी। यह वही विस्फोटक है जो 19 अक्टूबर को सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल के भंडाफोड़ के बाद बरामद किया गया था।
हालाँकि, अधिकारियों ने अभी तक सैंपलिंग के दौरान विस्फोट होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बताया गया कि फरीदाबाद में छापेमारी के दौरान कुल 2,900 किलो विस्फोटक बरामद हुआ था, जिनमें 358 किलो आरडीएक्स, अमोनियम नाइट्रेट और अन्य केमिकल शामिल थे। मॉड्यूल से जुड़े डॉ. मुजम्मिल गनई को इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

धमाका इतनी तेज कि 5 किलोमीटर तक सुनाई दी आवाज

रात करीब 11:30 बजे हुए इस धमाके की आवाज नौगाम के अलावा छानपोरा, सनतनगर, रावलपोरा और पंथा चौक जैसे क्षेत्रों तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद पुलिस स्टेशन के भीतर खड़े 12 से अधिक वाहन जलकर राख हो गए। थाने की इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद थाने से उठती आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दिल्ली के लाल किला धमाके से जोड़कर देख रही जांच एजेंसियां

नौगाम का यह विस्फोट ठीक उसी तरह का बताया जा रहा है जैसा कि 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट में देखने को मिला था, जिसमें 13 लोगों की मौत हुई थी।
दोनों घटनाओं में विस्फोटक सामग्री और तरीके काफी हद तक मिलते-जुलते होने के कारण जांच एजेंसियाँ इन मामलों को आपस में जुड़े होने की संभावना से खारिज नहीं कर रहीं।

जांच जारी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

धमाके के बाद नौगाम थाने और आसपास के पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। एनआईए, एफएसएल और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें मिलकर पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जांच संकेत देती है कि यह घटना आतंकी नेटवर्क से जुड़े बड़े मॉड्यूल का हिस्सा हो सकती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments