Sunday, September 20, 2026
Homeअंतर राष्ट्रीयPM Modi Jordan Visit: हुसैनीया पैलेस में पीएम मोदी का गर्मजोशी से...

PM Modi Jordan Visit: हुसैनीया पैलेस में पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत, किंग अब्दुल्ला के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर हुई व्यापक चर्चा

अम्मान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के आधिकारिक दौरे के तहत जॉर्डन पहुंच चुके हैं। राजधानी अम्मान में उनका औपचारिक और भव्य स्वागत किया गया। सबसे पहले जॉर्डन के प्रधानमंत्री जाफर हसन ने एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की। इसके बाद हुसैनीया पैलेस में जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल हुसैन ने उन्हें गले लगाकर आत्मीय स्वागत किया। भारत और जॉर्डन के बीच कूटनीतिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री की यह यात्रा बेहद अहम मानी जा रही है।

हुसैनीया पैलेस में हुए स्वागत समारोह के दौरान दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर भारत-जॉर्डन मैत्री, आपसी विश्वास और सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जॉर्डन दौरे की झलकियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “अम्मान में हुए विशेष स्वागत समारोह की कुछ झलकियां। भारत और जॉर्डन वैश्विक भलाई और शांति के लिए मिलकर कार्य करते रहेंगे।” पीएम के इस संदेश से दोनों देशों के बीच रणनीतिक और मानवीय सहयोग की मजबूती स्पष्ट हुई।

किंग अब्दुल्ला के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता
प्रधानमंत्री मोदी ने किंग अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की विस्तृत बैठक की। इस दौरान आतंकवाद, उग्रवाद, क्षेत्रीय सुरक्षा, वैश्विक शांति और द्विपक्षीय सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि किंग अब्दुल्ला के नेतृत्व में जॉर्डन ने आतंकवाद और कट्टरता के खिलाफ दुनिया को स्पष्ट और मजबूत मानवीय संदेश दिया है।

वहीं किंग अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और जॉर्डन के बीच 75 वर्षों की मित्रता आपसी सम्मान और सहयोग की मिसाल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा दशकों पुराने संबंधों को और मजबूत करेगी तथा आर्थिक सहयोग के नए अवसर पैदा करेगी।

पीएम मोदी के जॉर्डन दौरे का एजेंडा
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान भारत और जॉर्डन के बीच व्यापार, निवेश और राजनीतिक सहयोग को और सशक्त बनाने पर जोर दिया जाएगा। दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत-जॉर्डन व्यापार कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे, जिसमें दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपति और कारोबारी शामिल होंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी जॉर्डन में रह रहे भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगे।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी युवराज के साथ ऐतिहासिक पेट्रा शहर का भी भ्रमण करेंगे, जिसे भारत और जॉर्डन के बीच प्राचीन व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक माना जाता है।

इथियोपिया और ओमान भी जाएंगे प्रधानमंत्री
जॉर्डन दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 17 दिसंबर तक इथियोपिया के राजकीय दौरे पर रहेंगे। इसके बाद वह अपने विदेश दौरे के अंतिम चरण में 17 से 18 दिसंबर तक ओमान का दौरा करेंगे। इन यात्राओं के माध्यम से भारत अफ्रीका और पश्चिम एशिया क्षेत्र में अपने कूटनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments