Saturday, October 24, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्‍तर प्रदेशवृंदावन में श्रद्धालुओं की मजबूरी पर बाइकर्स की मनमानी, अवैध वसूली और...

वृंदावन में श्रद्धालुओं की मजबूरी पर बाइकर्स की मनमानी, अवैध वसूली और बांके बिहारी मंदिर में धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल

वृंदावन (मथुरा)।
तीर्थनगरी वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात प्रतिबंधों का फायदा उठाकर अवैध रूप से सवारी ढोने वाले बाइकर्स सक्रिय हो गए हैं। तंग गलियों में फंसे वाहनों के बीच बाइक आसानी से निकल जाने का लाभ उठाते हुए ये बाइकर श्रद्धालुओं से मनमाना किराया वसूल कर रहे हैं। हालात यह हैं कि महज दो से तीन किलोमीटर की दूरी तय कराने के लिए सैकड़ों रुपये लिए जा रहे हैं।

नगर और आसपास के गांवों से आए बाइकर्स श्री बांके बिहारी मंदिर मार्ग पर बड़ी संख्या में डटे रहते हैं। बाइकर्स की लंबी कतारों के कारण राहगीरों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। श्री बांके बिहारी मंदिर, इस्कॉन मंदिर, प्रेम मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों को जाने वाले मार्गों और तिराहों-चौराहों पर ये बाइकर श्रद्धालुओं को बाइक पर बैठाने के लिए घेरते, खींचते और जबरन सवारी कराने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।

यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए बिना हेलमेट बाइक और स्कूटी पर दो से तीन श्रद्धालुओं को बैठाकर तेज रफ्तार में वाहन चलाए जा रहे हैं, जो श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। भीड़ अधिक होने की स्थिति में किराया भी मनमाने ढंग से बढ़ा दिया जाता है। जानकारी के अनुसार, सौ शैय्या अस्पताल से हरिनिकुंज चौराहा तक प्रति श्रद्धालु 200 रुपये, हरिनिकुंज चौराहा से इस्कॉन मंदिर तक 100 से 150 रुपये और रुक्मिणी विहार मल्टीलेवल पार्किंग से श्री बांके बिहारी मंदिर तक 200 रुपये प्रति यात्री वसूले जा रहे हैं।

पुलिस द्वारा वाहनों के आवागमन पर लगाए गए प्रतिबंध का हवाला देकर बाइकर्स श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचाने का भरोसा दिलाते हैं। बताया जा रहा है कि ऐसे करीब 200 बाइकर सक्रिय हैं। सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया कि पैसा लेकर सवारी ढोने वाले बाइकर्स के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। चालान काटने के साथ-साथ बाइकें सीज की जा रही हैं और यातायात ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं से धक्का-मुक्की, वीडियो वायरल

इधर, नए साल के पहले दिन विश्व प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ अधिक होने के कारण मंदिर परिसर में अव्यवस्था की स्थिति बन गई। इस दौरान पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं को धक्का देकर बाहर निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

वायरल वीडियो में निजी सुरक्षा गार्डों के साथ तीन पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को धक्का देते हुए मंदिर से बाहर की ओर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद मंदिर प्रबंधन और दर्शन व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि श्री बांके बिहारी मंदिर की हाईपावर्ड कमेटी ने नए साल पर सुगम दर्शन के दावे किए थे, लेकिन श्रद्धालुओं को धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा।

इस मामले में सीओ संदीप सिंह ने बताया कि दर्शन के दौरान भीड़ अत्यधिक बढ़ जाने के कारण श्रद्धालुओं को आगे बढ़ाया जा रहा था। पुलिस का उद्देश्य व्यवस्था बनाए रखना था और आगे ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments