Saturday, October 24, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeअपराधकासगंज में ऑनर किलिंग का आरोप: प्रेमी संग भागी किशोरी की पीटकर...

कासगंज में ऑनर किलिंग का आरोप: प्रेमी संग भागी किशोरी की पीटकर हत्या, शव जलाया; चिता बुझाकर पुलिस ने जुटाए सबूत

कासगंज (उत्तर प्रदेश)।
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के ढोलना थाना क्षेत्र में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेमी के साथ घर से चली गई किशोरी को उसके परिजनों ने पकड़ने के बाद बेरहमी से पीटा, फिर उसकी हत्या कर शव को जला दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जलती चिता को बुझाया और अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जानकारी के अनुसार, ढोलना थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी दो दिन पहले घर के पास रहने वाले युवक के साथ चली गई थी। परिजन दोनों की तलाश में जुटे थे और शनिवार शाम उन्हें आगरा से बरामद कर गांव वापस ले आए। गांव लाने के बाद किशोरी और उसके प्रेमी को लगभग 100 मीटर की दूरी पर बने अलग-अलग घरों में बंद कर दिया गया, जहां दोनों के साथ मारपीट की गई।

आरोप है कि देर रात किशोरी के परिजनों ने उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया। रविवार सुबह प्रेमी के भाई को इस घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उसने यूपी 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही ढोलना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चिता पर पानी डालकर आग बुझाई और जले हुए अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया।

परिजन फरार, जांच में जुटी पुलिस
ऑनर किलिंग की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार और सीओ सदर आंचल चौहान गांव पहुंचे। अधिकारियों ने गांव के प्रधान प्रतिनिधि, किशोरी के प्रेमी और उसके भाई से पूछताछ की। इसके बाद किशोरी के घर की तलाशी ली गई, जहां घर पर ताला लगा मिला। घटना के बाद से किशोरी के परिजन फरार बताए जा रहे हैं।

तीन टीमें गठित, तलाश जारी
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि किशोरी की हत्या कर शव को जला दिया गया है। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments