Monday, November 2, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडदेहरादून: राष्ट्रीय युवा दिवस पर सीएम धामी ने स्वदेशी संकल्प दौड़ का...

देहरादून: राष्ट्रीय युवा दिवस पर सीएम धामी ने स्वदेशी संकल्प दौड़ का शुभारंभ, युवाओं से किया आत्मनिर्भर भारत का आह्वान

देहरादून। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित स्वदेशी संकल्प दौड़ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके विचारों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का प्रसिद्ध संदेश— “उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक रुको मत”— आज भी युवाओं को आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सोच, ऊर्जा और संकल्प से ही देश की मजबूत नींव रखी जा सकती है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाने से न केवल स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत का सपना भी साकार होगा।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने वोकल फॉर लोकल को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए युवाओं से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों से जुड़ने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने नशे से दूर रहने, अनुशासन अपनाने, शिक्षा एवं कौशल विकास पर ध्यान देने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का विशेष संदेश दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। स्वदेशी संकल्प दौड़ के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments