अरुणाचल प्रदेश में देश की सेवा करते हुए उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के वीर सपूत हवलदार रविन्द्र सिंह (36) शहीद हो गए। वे भारतीय सेना की 15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे और अरुणाचल प्रदेश के अलोंग क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए। उनके बलिदान की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
शहीद हवलदार रविन्द्र सिंह रुद्रप्रयाग जनपद के दशज्यूला क्षेत्र अंतर्गत आगर गांव के निवासी थे। वे अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शहीद जवान का पार्थिव शरीर सोमवार रात रुद्रप्रयाग स्थित आर्मी कैंप लाया गया। मंगलवार, 20 जनवरी को सुबह सात बजे सैन्य सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गांव आगर, दशज्यूला ले जाया जाएगा। इसके बाद रुद्रप्रयाग संगम पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ग्राम प्रधान आगर चन्द्रकला देवी ने बताया कि इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने जानकारी दी कि रविन्द्र सिंह वर्ष 2008 में 15 गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे और अपने सरल स्वभाव एवं मधुर व्यवहार के कारण गांव के हर व्यक्ति के प्रिय थे। जिला पंचायत सदस्य सारी जयवर्धन कांडपाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शहीद जवान के बलिदान पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।