Saturday, October 24, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeअपराधजालौन: माघ मेला गए किसान के घर से 80 लाख रुपये के...

जालौन: माघ मेला गए किसान के घर से 80 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी, पुलिस जांच में जुटी

एट थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक किसान के घर से करीब 80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई जब गृहस्वामी प्रयागराज में माघ मेले में गए हुए थे। सोमवार को घर लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पीड़ित किसान गजेंद्र सिंह ने बताया कि वह 13 जनवरी को माघ मेला प्रयागराज गए थे। घर में ताला बंद था, जबकि पत्नी रजनी देवी और पुत्र हेमेंद्र उरई में रुके हुए थे। 20 जनवरी को जब वह वापस गांव पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के सभी कमरों के दरवाजे खुले थे और बरामदे में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और तिजोरी के ताले टूटे हुए थे।

उन्होंने बताया कि चोर अलमारी से उनकी पत्नी के करीब 30 तोले सोने के जेवरात और बहू अनुराधा के लगभग 28 तोले सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। इसके साथ ही करीब तीन किलो चांदी के जेवर भी गायब मिले। चोरी गए आभूषणों में सोने की चूड़ियां, हार, जंजीर, अंगूठियां, हाथफूल, सीतारामी, करधनी, चांदी की पायल-बिछिया, सिक्के और अन्य कीमती जेवर शामिल हैं। चोरी गए जेवरात की कुल कीमत लगभग 80 लाख रुपये आंकी गई है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि थाना पुलिस गांव में नियमित गश्त नहीं करती, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस इन पर प्रभावी रोक लगाने में असफल रही है।

मामले में कोंच क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं और जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments