Tuesday, November 3, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडबारिश-बर्फबारी से लौटी ठंड, छह डिग्री गिरा पारा; देहरादून, टिहरी और उत्तरकाशी...

बारिश-बर्फबारी से लौटी ठंड, छह डिग्री गिरा पारा; देहरादून, टिहरी और उत्तरकाशी में स्कूल बंद

देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार को बारिश और बर्फबारी के साथ मौसम ने अचानक करवट ले ली। मैदानी इलाकों में हुई बारिश और पहाड़ों में गिरी बर्फ से जहां लोगों को लंबे समय से चली आ रही सूखी ठंड से राहत मिली, वहीं तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। मौसम के बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन देहरादून, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों में शनिवार को सभी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

सुबह से ही राजधानी देहरादून सहित कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। इसका असर दिन के तापमान पर साफ दिखा और अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम होकर 14 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक 8.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कुछ ऐसा ही हाल रहा—दिन ठंडे रहे, जबकि रात के तापमान में अपेक्षाकृत कमी नहीं आई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि 24 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रह सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। वहीं 25 और 26 जनवरी को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है, जिससे दोबारा हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

रातों में बढ़ेगी ठंड, चलेंगी तेज हवाएं

मौसम विभाग का कहना है कि 24 जनवरी के बाद दिन के मुकाबले रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री तक गिर सकता है। इसके अलावा दिन के समय 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

कल भी हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार

पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में शनिवार को हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। खासतौर पर 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक जताई गई है।

आशारोड़ी में सबसे अधिक बारिश

सुबह से शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही। आंकड़ों के मुताबिक देहरादून जिले में सबसे अधिक 23.5 मिमी बारिश आशारोड़ी में दर्ज की गई। इसके अलावा नंदा की चौकी में 22.5 मिमी, मोहकमपुर में 17.0 मिमी और हाथीबड़कला में 11.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक जिलेभर में औसतन 17.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments