उत्तरकाशी (हर्षिल):
जनपद उत्तरकाशी के हर्षिल थाना क्षेत्र के झाला गांव में बर्फबारी के बीच एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। भीषण ठंड से बचने के लिए कमरे के भीतर अंगीठी जलाकर सोना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। अंगीठी से निकली जहरीली गैस और धुएं के कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान महेश (25 वर्ष) निवासी झाला के रूप में हुई है, जो क्षेत्र के एक होटल में काम करता था। बीती मंगलवार देर रात इलाके में बर्फबारी होने से तापमान काफी गिर गया था। अत्यधिक ठंड के चलते महेश ने अपने कमरे में अंगीठी जलाई और वहीं सो गया।
सुबह जब होटल में ठहरे यात्रियों को महेश नजर नहीं आया तो उन्होंने इसकी जानकारी होटल संचालक को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उसके कमरे का दरवाजा खोला गया। दरवाजा खुलते ही कमरे में अंगीठी का धुआं भरा हुआ मिला और महेश अंदर मृत अवस्था में पड़ा था। घटना की सूचना तुरंत हर्षिल थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस प्रशासन ने इस घटना को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर ठंड और बर्फबारी के मौसम में बंद कमरों में अंगीठी या कोयले से जलने वाले साधनों का उपयोग न करने की सलाह दी गई है, क्योंकि इससे दम घुटने जैसी गंभीर और जानलेवा घटनाएं हो सकती हैं।