Tuesday, November 3, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडएविएशन क्षेत्र में उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि, विंग्स इंडिया-2026 में मिला ‘बेस्ट...

एविएशन क्षेत्र में उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि, विंग्स इंडिया-2026 में मिला ‘बेस्ट स्टेट प्रमोशन ऑफ एविएशन इको सिस्टम’ अवॉर्ड

हैदराबाद। उत्तराखंड के लिए एविएशन क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी और उत्साहजनक खबर सामने आई है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से हैदराबाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय विमानन सम्मेलन एवं प्रदर्शनी विंग्स इंडिया-2026 में उत्तराखंड को ‘बेस्ट स्टेट प्रमोशन ऑफ एविएशन इको सिस्टम’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राज्य सरकार द्वारा विमानन क्षेत्र में किए गए प्रभावी प्रयासों, नीतिगत समर्थन और मजबूत एविएशन इको सिस्टम विकसित करने के लिए दिया गया।

उत्तराखंड को यह राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से प्रदान किया गया, जिससे एविएशन सेक्टर में राज्य की देशभर में नई पहचान बनी है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने उत्तराखंड को यह प्रतिष्ठित सम्मान सौंपा।

इस अवसर पर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन सचिव सचिन कुर्वे, यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय सिंह टोलिया और हेड ऑफ ऑपरेशंस कैप्टन अमित शर्मा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पुरस्कार उत्तराखंड की समग्र विमानन नीति, बेहतर प्रशासनिक समन्वय और प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है, जिससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिला है, बल्कि आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में हेली सेवाओं के विस्तार, उड़ान योजना के सफल क्रियान्वयन और आधुनिक विमानन अवसंरचना के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। इन प्रयासों के चलते उत्तराखंड तेजी से एक उभरते हुए विमानन हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

इस सम्मान से उत्तराखंड के एविएशन सेक्टर को नई दिशा मिलने के साथ-साथ भविष्य में निवेश, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के और बेहतर अवसर भी खुलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments