देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इससे आने वाले दिनों में ठंड से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। खासकर 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना अधिक जताई गई है।
आगामी दिनों के पूर्वानुमान पर नजर डालें तो चार फरवरी तक प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। वहीं, पांच फरवरी से मौसम शुष्क होने के संकेत हैं, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और ठंड से राहत मिलेगी।
उधर, शुक्रवार को प्रदेशभर में मौसम साफ रहा और तेज धूप खिलने से तापमान में इजाफा दर्ज किया गया। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यही स्थिति राज्य के अन्य जिलों में भी देखने को मिली।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन फरवरी के पहले सप्ताह के बाद ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा।