मसूरी।
मसूरी के चार दुकान रोड पर एक सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है, जहां एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए खाई में जा गिरा। वाहन में चालक समेत दो लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को भी चोट नहीं आई और दोनों व्यक्ति सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, सिटी कंट्रोल रूम 112 से पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि चार दुकान रोड पर एक वाहन सड़क से नीचे गिर गया है और उसमें आग लगने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि पिकअप वाहन संख्या UK 09 CA 1086 चार दुकान से आगे सड़क से नीचे खाई में गिरा हुआ था। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि वाहन में किसी भी प्रकार की आग नहीं लगी थी, जैसा कि प्रारंभिक सूचना में बताया गया था।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में वाहन सवार दोनों व्यक्तियों को कोई चोट नहीं आई है। दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई कर स्थिति को सामान्य किया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चार दुकान रोड पर लगातार बढ़ते वाहनों और तीखे मोड़ों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।