Tuesday, February 3, 2026
Homeउत्तराखंडआरवीएनएल अध्यक्ष का सख्त संदेश: 2028 से पहले हर हाल में पूरी...

आरवीएनएल अध्यक्ष का सख्त संदेश: 2028 से पहले हर हाल में पूरी होगी ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना

ऋषिकेश।
रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के नव नियुक्त अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सलीम अहमद ने ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना को लेकर दो टूक कहा है कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना दिसंबर 2028 से पहले हर हाल में पूरी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी स्तरों पर प्रभावी निगरानी की जाएगी।

दो दिवसीय दौरे पर ऋषिकेश पहुंचे प्रबंध निदेशक ने पहले दिन आरवीएनएल परिसर में परियोजना से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परियोजना की वर्तमान प्रगति, निर्माण कार्यों में आ रही तकनीकी चुनौतियों, सुरंग निर्माण की गति और समयबद्ध क्रियान्वयन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में इस रेल परियोजना का महत्व केवल कनेक्टिविटी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य के आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बराबर प्राथमिकता दी जाए, ताकि पारिस्थितिक संतुलन प्रभावित न हो।

बैठक में यह सुझाव भी सामने आया कि रेलवे सुरंगों के साथ-साथ रोड सुरंगों के निर्माण की संभावनाओं पर भी गंभीरता से विचार किया जाए। इससे सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों को भी सुरक्षित, तेज और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

आरवीएनएल अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि परियोजना के सभी चरणों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि बेहतर समन्वय और सतत निगरानी के माध्यम से ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना तय समय में पूर्ण कर ली जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments