Thursday, February 5, 2026
Homeउत्तराखंडहरिद्वार में ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज की मूर्ति स्थापना, सीएम धामी व...

हरिद्वार में ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज की मूर्ति स्थापना, सीएम धामी व मोहन यादव सहित देशभर के नेता पहुंचे

हरिद्वार।
सप्तऋषि क्षेत्र में ब्रह्मलीन संत स्वामी सत्यमित्रानंद जी महाराज की स्मृति में आयोजित मूर्ति स्थापना समारोह में देशभर से संत-महात्मा और राजनीतिक हस्तियां शामिल हो रही हैं। समारोह के समापन से एक दिन पूर्व गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हरिद्वार पहुंचे और कार्यक्रम में सहभागिता की।

मूर्ति स्थापना समारोह के उपरांत नेताओं का जमावड़ा कनखल स्थित जगतगुरु आश्रम में देखने को मिला। इस दौरान योगगुरु स्वामी रामदेव भी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ आश्रम पहुंचे। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वर महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

जानकारी के अनुसार, दोनों मुख्यमंत्री और स्वामी रामदेव ने आश्रम में करीब आधे घंटे तक एक साथ बैठकर विभिन्न समसामयिक, आध्यात्मिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा की। इस दौरान संत समाज और राष्ट्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

समारोह के समापन कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को आयोजित होने वाले मूर्ति स्थापना समारोह के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी कार्यक्रम प्रोटोकॉल के तहत तय हो गया है। इसके अलावा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक समेत कई अन्य केंद्रीय व राज्य स्तरीय नेता भी समारोह में शामिल होंगे।

हरिद्वार में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम संत परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनकर उभर रहा है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु और गणमान्य अतिथि पहुंच रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments