Friday, February 6, 2026
Homeउत्तराखंडविकासनगर: भदराज ट्रेकिंग रूट पर भटके दस युवक, दून पुलिस के रेस्क्यू...

विकासनगर: भदराज ट्रेकिंग रूट पर भटके दस युवक, दून पुलिस के रेस्क्यू अभियान से सभी सुरक्षित बाहर

विकासनगर क्षेत्र के सहसपुर अंतर्गत भदराज ट्रेकिंग रूट पर ट्रेकिंग के लिए गए दस युवक अंधेरा होने के कारण जंगल में रास्ता भटक गए। युवकों के जंगल में फंसने की सूचना मिलते ही दून पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी युवक भदराज ट्रेकिंग रूट पर भ्रमण के लिए गए थे। शाम होते-होते अंधेरा बढ़ने के कारण वे अपने निर्धारित मार्ग से भटककर जंगल के भीतर चले गए। स्थिति को देखते हुए युवकों ने पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही रात के समय थाना सहसपुर को अलर्ट किया गया।

मामले की गंभीरता को समझते हुए प्रभारी निरीक्षक सहसपुर ने तुरंत राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ पुलिस टीम को भदराज ट्रेकिंग रूट की ओर रवाना किया। पुलिस टीम ने कोटी क्षेत्र में पहुंचकर वन विभाग के वीट अधिकारी और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

काफी प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने कोटी गांव से लगभग तीन किलोमीटर ऊपर जंगल में फंसे सभी दस युवकों को देर रात सुरक्षित खोज लिया। रेस्क्यू के बाद सभी युवकों को सुरक्षित स्थान पर लाया गया और उनकी हालत सामान्य पाए जाने पर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समन्वित प्रयासों से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस प्रशासन ने ट्रेकिंग पर जाने वाले लोगों से अपील की है कि वे मौसम और समय का ध्यान रखते हुए ही ट्रेकिंग करें, उचित तैयारी के साथ जाएं और अंधेरा होने से पहले सुरक्षित लौटना सुनिश्चित करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments