Sunday, October 25, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडUttarakhand Weather Update: फरवरी के पहले हफ्ते में ही बढ़ा तापमान, दो...

Uttarakhand Weather Update: फरवरी के पहले हफ्ते में ही बढ़ा तापमान, दो दिन बाद बारिश-बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड में फरवरी की शुरुआत होते ही मौसम के मिजाज में बदलाव नजर आने लगा है। प्रदेश में अगले दो दिनों के भीतर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है, हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इसका असर तापमान पर बहुत ज्यादा नहीं पड़ेगा। मैदानी इलाकों में धूप के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी बनी रह सकती है।

जनवरी महीने में लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी से प्रदेश को सूखी ठंड से राहत मिली थी। इस दौरान मौसम सुहावना होने के साथ ही लोगों में भी राहत देखने को मिली। लेकिन फरवरी के शुरुआती दिनों में ही मैदानी क्षेत्रों में तापमान बढ़ने लगा है। हालांकि सुबह और शाम के समय अभी भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप निकलने से कुछ समय बाहर रहने पर गर्मी का अहसास हुआ। यही हाल प्रदेश के अन्य मैदानी इलाकों में भी रहा। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान, जो अब तक सामान्य से नीचे बना हुआ था, वह भी सामान्य स्तर पर पहुंच गया है।

तापमान पर कम पड़ेगा बारिश-बर्फबारी का प्रभाव
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आमतौर पर इतना अधिक तापमान फरवरी के अंतिम सप्ताह में देखने को मिलता था, लेकिन इस बार यह स्थिति पहले ही बन गई है। वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में संभावित बारिश और बर्फबारी का तापमान पर बहुत अधिक असर नहीं पड़ेगा। खासतौर पर मैदानी इलाकों में चटक धूप का प्रभाव बना रहेगा।

शनिवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाने से ठंड बढ़ सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आगामी दिनों में 9 से 11 फरवरी के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना अधिक बताई जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments