Saturday, February 7, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड दौरा: अपने गांव में सुबह भ्रमण पर निकले सीएम योगी आदित्यनाथ,...

उत्तराखंड दौरा: अपने गांव में सुबह भ्रमण पर निकले सीएम योगी आदित्यनाथ, बच्चों और ग्रामीणों से की मुलाकात

उत्तराखंड। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड दौरे पर हैं। प्रवास के दौरान शनिवार सुबह वह अपने गांव पंचूर में भ्रमण पर निकले। सुबह करीब साढ़े नौ बजे मुख्यमंत्री के गांव भ्रमण पर निकलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर पंक्तिबद्ध खड़े हो गए और मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

गांव भ्रमण के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों से कुशलक्षेम पूछी। बच्चों और युवाओं ने मुख्यमंत्री के पैर छुए, जबकि वरिष्ठ नागरिकों को उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री बच्चों से बातचीत करते नजर आए और उनका हालचाल जाना।

पैंया गांव से अपनी बुआ की बेटी के विवाह समारोह में पहुंचे प्रिशा बेलवाल, शिवन्या बेलवाल, शौर्य बेलवाल, भाविक बेलवाल, आरित बेलवाल और आकर्ष बेलवाल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पहली बार इतने नजदीक से देखा। बच्चों में मुख्यमंत्री के साथ मिलने और बातचीत करने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं आगे बढ़कर बच्चों के साथ फोटो खिंचवाई। बच्चों के साथ मुख्यमंत्री का आत्मीय व्यवहार देखकर अभिभावक विनोद बेलवाल, अनिल बेलवाल, सुशील बेलवाल, सुनील, शशि, धीरज और नीरज ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं था कि वे इतनी नजदीक से मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पाएंगे। उन्होंने भी मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।


जनता इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण

उत्तराखंड दौरे के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने यमकेश्वर स्थित जनता इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराह्न करीब सवा तीन बजे यमकेश्वर हेलिपैड पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद वह यमकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और करीब 10 मिनट तक पूजा-अर्चना की।
दोपहर 3:34 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सीएम पुष्कर सिंह धामी जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर पहुंचे, जहां नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विद्यालय को भव्य भवन उपलब्ध कराया गया है और एक माह के भीतर छात्रों के लिए फर्नीचर सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करा दी जाएंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments