Saturday, February 7, 2026
Homeउत्तराखंडचंपावत: पॉलिटेक्निक की लैब में केमिकल बोतल गिरने से हड़कंप, सात छात्राएं...

चंपावत: पॉलिटेक्निक की लैब में केमिकल बोतल गिरने से हड़कंप, सात छात्राएं और शिक्षिका बेहोश

चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में शनिवार को प्रयोगशाला के भीतर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रैक्टिकल के दौरान एक केमिकल की बोतल गिरकर फट गई। केमिकल की तीखी गंध फैलते ही फार्मेसी प्रथम वर्ष की सात छात्राएं और एक शिक्षिका बेहोश हो गईं।

जानकारी के अनुसार, फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्राएं शिक्षिका के साथ प्रयोगशाला में प्रैक्टिकल कर रही थीं। इसी दौरान पास में रखी एसिटल क्लोराइड (Acetyl Chloride) की बड़ी बोतल अचानक नीचे गिर गई और टूट गई। केमिकल की तेज गंध के कारण वहां मौजूद छात्राओं और शिक्षिका को सांस लेने में परेशानी होने लगी और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं।

घटना की सूचना मिलते ही संस्थान प्रशासन में हड़कंप मच गया। सभी प्रभावितों को तुरंत उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि केमिकल के असर से पीड़ितों को सांस लेने में दिक्कत, खांसी, आंखों में जलन और बेहोशी की शिकायत हुई थी। सभी को ऑक्सीजन सपोर्ट देकर उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

घटना के बाद पॉलिटेक्निक प्रशासन ने प्रयोगशाला में सुरक्षा मानकों और केमिकल के भंडारण की व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments