Wednesday, February 11, 2026
Homeअपराधहरिद्वार: दोस्त ने ही की किशोर की हत्या, बहनों पर अभद्र टिप्पणी...

हरिद्वार: दोस्त ने ही की किशोर की हत्या, बहनों पर अभद्र टिप्पणी के बाद पत्थर से सिर कुचलकर वारदात

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले किशोर के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में मृतक का दोस्त ही कातिल निकला। बहनों पर अभद्र टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पत्थर से सिर कुचलकर किशोर की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कनखल थाने में पत्रकार वार्ता कर बताया कि 7 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का खून से सना शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। जांच के बाद मृतक की पहचान कुनाल (15) पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर (वर्तमान पता लाटोवाली, कनखल) के रूप में हुई।

मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गईं। आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें कुनाल को शराब के ठेके से शराब खरीदते हुए और एक स्कूटी सवार युवक के साथ जाते हुए देखा गया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी सवार की पहचान अरविंद उर्फ शिवम निवासी दुर्गा कॉलोनी (पतवारी मंदिर के पीछे), थाना गोवर्धनपुर, उत्तर प्रदेश (वर्तमान पता लाटोवाली, कनखल) के रूप में हुई। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि वह मथुरा भाग गया है, जिसके बाद टीम को वहां भेजकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से अपनी नानी के साथ कनखल में रह रहा था और कुनाल उसका दोस्त व पड़ोसी था। 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। नशे की हालत में कुनाल ने उसकी बहनों पर अभद्र टिप्पणी कर दी और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर कुनाल ने उसे थप्पड़ मारे, जिससे गुस्से में आकर अरविंद ने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर कुनाल के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से कुनाल की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments