देहरादून। राजधानी देहरादून के व्यस्त तिब्बती मार्केट क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस द्वारा तत्काल घायल को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के संचालक थे। घटना की पुष्टि प्रमोद कुमार (एसपी सिटी) ने की है।
स्कूटी सवार बदमाशों ने की फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी पर सवार दो हमलावर तिब्बती मार्केट के सामने पहुंचे और अर्जुन शर्मा पर गोली चला दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
पारिवारिक व्यवसाय और पैसों के लेनदेन से जुड़ा विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक का अपने पारिवारिक व्यवसाय और पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर अर्जुन शर्मा की माता ने पहले ही अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी प्राप्त की थी। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
इलाके में दहशत, कई टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। वारदात के बाद तिब्बती मार्केट और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। साथ ही पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।