देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून स्थित सेन्ट्रियो मॉल के सिनेमाहॉल में गौ संरक्षण पर आधारित फिल्म गोदान देखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फिल्म की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन और गौ-संवर्धन की परंपरा से जुड़ा एक सार्थक एवं प्रेरणादायी प्रयास बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। गाय केवल आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक खेती, पोषण और पर्यावरण संरक्षण की आधारशिला भी है। उन्होंने कहा कि ‘गोदान’ जैसी फिल्में समाज में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती हैं।
सीएम धामी ने जानकारी दी कि इस महत्वपूर्ण विषय पर बनी फिल्म को राज्य सरकार द्वारा उत्तराखंड में टैक्स फ्री किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें और गौ संरक्षण से जुड़े संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह निर्णय समाज में सकारात्मक सोच और मूल्यों को बढ़ावा देने वाली फिल्मों को प्रोत्साहित करने की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक और कलाकारों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की फिल्में न केवल मनोरंजन प्रदान करती हैं, बल्कि समाज को सही दिशा देने और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का भी कार्य करती हैं।