Saturday, October 10, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeअपराधदेहरादून गोलीकांड: 42 करोड़ के लेनदेन विवाद में दिनदहाड़े कारोबारी की हत्या,...

देहरादून गोलीकांड: 42 करोड़ के लेनदेन विवाद में दिनदहाड़े कारोबारी की हत्या, मां समेत चार पर एफआईआर

Dehradun Crime News:
राजधानी Dehradun में बुधवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। डालनवाला थाना क्षेत्र के तिब्बती मार्केट के सामने दिनदहाड़े 42 वर्षीय कारोबारी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बीच बाजार हुई इस सनसनीखेज घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत फैल गई।

मार्केट के बाहर मारी गोली, अस्पताल में तोड़ा दम

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे तिब्बती मार्केट के पास फायरिंग की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि अर्जुन शर्मा गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़े थे। उन्हें तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे और शहर के जाने-माने कारोबारी माने जाते थे।

टेनिस खेलकर लौटते समय बनाया गया निशाना

पुलिस जांच में सामने आया है कि अर्जुन शर्मा रोजाना परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने जाते थे। बुधवार को भी टेनिस खेलने के बाद वह तिब्बती मार्केट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने एक ठेली से अनानास खरीदा और अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे, तभी नीले रंग की स्कूटी पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं और कोर्ट की दिशा में फरार हो गए।

पत्नी की तहरीर पर मां समेत चार नामजद

घटना के बाद मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने डालनवाला थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अर्जुन की मां बीना शर्मा, कारोबारी विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पत्नी ने सभी पर साजिश रचकर हत्या कराने का शक जताया है।

42 करोड़ रुपये के लेनदेन का विवाद बना वजह

प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह बड़े पैमाने पर पैसों के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। अमरदीप गैस एजेंसी में कार्यरत कर्मचारियों के अनुसार, अर्जुन शर्मा और विनोद उनियाल के बीच करीब 42 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। अर्जुन लगातार रकम वापस करने का दबाव बना रहे थे। इसके अलावा, अर्जुन की मां से तीन करोड़ रुपये लेकर दो फ्लैट खरीदने का मामला भी विवाद का कारण बताया जा रहा है।

पहले से चल रहा था पारिवारिक तनाव

पुलिस के अनुसार, अर्जुन शर्मा का अपने पारिवारिक व्यवसाय और आर्थिक लेनदेन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी के चलते उनकी मां ने पूर्व में अपने बेटे से जान का खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी प्राप्त की थी। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है।

सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर, सघन जांच शुरू

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में नीली स्कूटी पर सवार दो हमलावर गोली मारकर फरार होते हुए दिखाई दे रहे हैं। एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। शहर के अंदर और जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और सबूतों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments