Thursday, February 12, 2026
Homeअपराधअर्जुन हत्याकांड का खुलासा: प्रॉपर्टी विवाद में मां बनी साजिशकर्ता, 12 लाख...

अर्जुन हत्याकांड का खुलासा: प्रॉपर्टी विवाद में मां बनी साजिशकर्ता, 12 लाख की सुपारी देकर कराई बेटे की हत्या

देहरादून (क्राइम डेस्क)।
Dehradun के तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी और टेनिस खिलाड़ी अर्जुन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की साजिश मृतक की मां बीना शर्मा ने ही रची थी। संपत्ति और पैसों के विवाद में मां ने शूटरों को 12 लाख रुपये की सुपारी देकर अपने ही बेटे की हत्या करवा दी।

बुधवार को एसएसपी अजय सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि बलिदानी कोटे से परिवार को मिली गैस एजेंसी के लोन चुकाने और प्रॉपर्टी से जुड़े लेनदेन को लेकर मां-बेटे के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। यही विवाद धीरे-धीरे खूनी साजिश में बदल गया।

12 लाख की सुपारी, तीन लाख एडवांस

पुलिस के मुताबिक, बीना शर्मा ने पेशेवर शूटरों से संपर्क कर उन्हें कुल 12 लाख रुपये में सुपारी दी थी। इसमें से तीन लाख रुपये एडवांस के तौर पर पहले ही दे दिए गए थे, जबकि शेष रकम हत्या के बाद देने की बात तय हुई थी।

25 दिन पहले रची गई थी हत्या की योजना

जांच में यह भी सामने आया है कि बीना शर्मा ने करीब 25 दिन पहले ही बेटे की हत्या की योजना बनानी शुरू कर दी थी। वह अर्जुन की हर गतिविधि पर नजर रख रही थी। यहां तक कि गैस एजेंसी के मैनेजर से भी अर्जुन की मूवमेंट की जानकारी ली जा रही थी, ताकि वारदात को सही समय और जगह पर अंजाम दिया जा सके।

आठ करोड़ रुपये बना विवाद की जड़

पुलिस ने बताया कि बीना शर्मा ने हाल ही में जीएमएस रोड स्थित एक प्रॉपर्टी बेची थी, जिससे उसके खाते में करीब 14 करोड़ रुपये आए थे। इनमें से आठ करोड़ रुपये उसने विनोद नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए। जब अर्जुन ने इस लेनदेन का विरोध किया, तो विवाद और गहरा गया और हत्या की साजिश रची गई।

मुठभेड़ में शूटर और सहयोगी गिरफ्तार

हत्याकांड के बाद देहरादून पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ों में मुख्य शूटर और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

हथियार बरामद, जुर्म कबूल

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने अर्जुन की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

देहरादून पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments